भाजपा के पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों के सरकारी आवास खाली न करने के मुद्दे पर पैंथर्स का प्रदर्शन
केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद भी भाजपा के पूर्व मंत्रियों पूर्व विधायकों की तरफ से सरकारी आवास खाली न करवाए जाने के मुद्दे पर पैंथर्स पार्टी ने प्रदर्शन किया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद भी भाजपा के पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों की तरफ से सरकारी आवास खाली न करवाए जाने के मुद्दे पर पैंथर्स पार्टी ने प्रदर्शन किया।
पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रविवार सुबह प्रेस क्लब के नजदीक प्रदर्शनी मैदान में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि भाजपा के पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों ने सरकारी आवास खाली नहीं किए है। सिर्फ विपक्षी दलों के नेताओं को ही तंग किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हर्षदेव सिंह ने कहा कि बार बार नोटिस के बावजूद भाजपा के पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक आवास खाली नहीं कर रहे है। इस पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। क्या सारे नियम विपक्षी दलों के लिए ही है। उन्होंने कहा कि जैसे हालात केंद्र शासित प्रदेश बनने से पहले थे, वैसे ही अब बने हुए है। अारोप लगाया कि भाजपा के पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक अभी भी अपने काफिले के साथ चलते नजर आते है। सरकारी आवास खाली नहीं किए और विपक्षी पार्टियों के नेताओं पर निशाना साधा जा रहा है। उन्होंने उपराज्यपाल से आग्रह किया कि वह मामले में हस्तक्षेप करते हुए भाजपा के पूर्व विधायकों से आवास खाली करवाएं।