जम्मू और कश्मीर को अलग अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए पैंथर्स पार्टी करेगी संघर्ष
पैंथर्स पार्टी के मुख्य संरक्षक प्रो. भीम सिंह ने कहा कि जम्मू और कश्मीर को अलग अलग राज्य का दर्जा मिलना चाहिए। जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया जाना मंजूर नहीं है
जम्मू, राज्य ब्यूरो । पैंथर्स पार्टी के मुख्य संरक्षक प्रो. भीम सिंह ने कहा कि जम्मू और कश्मीर को अलग अलग राज्य का दर्जा मिलना चाहिए। जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया जाना मंजूर नहीं है अलबत्ता लद्दाख का केंद्र शासित प्रदेश बनना ठीक है।
जम्मू संभाग और कश्मीर घाटी को अलग अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए पार्टी संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि नवंबर माह के मध्य में पार्टी एक सम्मेलन का आयोजन करेगी जिसमें भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को बुलाया जाएगा। इसमें स्थाई नागरिकता स्टेट सब्जेक्ट प्रमाणपत्र पर असमंजस को दूर करने पर विचार होगा।
पार्टी मुख्यालय गांधी नगर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भीम सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के मुद्दे पर कई याचिकाएं सर्वोच्च न्यायालय में है जिन पर सुनवाई होने वाली है। याचिकाओं पर सुनवाई के बाद पार्टी एक सम्मेलन आयोजित करेगी जिसमें जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने से उपजे हालात पर विचार विमर्श करेगी। जम्मू कश्मीर के स्टेट सब्जेक्ट में जम्मू कश्मीर विधानसभा ने संशोधित किया था। स्टेट सब्जेक्ट को संविधान सभा ने मंजूर किया था।
पार्टी के सम्मेलन में इस असमंजस को दूर किया जाएगा कि आखिर स्टेट सब्जेक्ट की मौजूदा स्थिति क्या है। जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश में बदलने के फैसले के खिलाफ पार्टी न्यायालय जाएगी। संसद के पास नया राज्य बनाने के अधिकार तो है लेकिन राज्य का दर्जा कम करने के अधिकार नहीं है। उनकी पार्टी जम्मू और कश्मीर को अलग अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।