Jammu Kashmir: ऊधमपुर-चिनैनी-रामबन मार्ग के कार्य में देरी पर भड़के पैंथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
पैंथर्स पार्टी ने बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के छन्नी हिम्मत जम्मू कार्यालय पहुंचे और वहां पर बैनर लहराते हुए नारेबाजी की।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऊधमपुर-चनैनी-रामबन मार्ग को फोर लेन बनाने में हो रही देरी के खिलाफ पैंथर्स पार्टी ने बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के छन्नी हिम्मत जम्मू कार्यालय पहुंचे और वहां पर बैनर लहराते हुए नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित निर्माण कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि मार्ग को बनाने में हो रही देरी से लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हर्षदेव सिंह ने कहा कि ऊधमपुर से चनैनी तक मार्ग को फोर लेन करने का कार्य धीमी रफ्तार से चल रहा है। जम्मू से श्रीनगर जाना हो या पत्नीटाप पर्यटक स्थल, लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस हिस्से पर ट्रैफिक का भारी जाम लग जाता है। लोग अपने गंतव्यों तक काफी देरी से पहुंचते है। गाड़ियां अलग से खराब हो जाती है। इस हिस्से को बनाने में इतनी देरी क्यों हो रही है, यह बताया नहीं जा रहा है। काफी सालों से कार्य चल रहा है मगर प्रगति नजर नहीं आ रही है।
इस तरह से चनैनी सुद्ध्महादेव मार्ग का कार्य भी धीमी गति से चल रहा है। हर्षदेव सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को कार्य में देरी का जवाब देना चाहिए अन्यथा पार्टी सेंट्रल विजीलेंस आर्गेनाइजेशन से संपर्क करेगी। प्रदर्शनकारियों में राजेश पडगोत्रा, गगन प्रताप सिंह, धनी राम अत्री, विश्व देव सिंह, सुरेंद्र चौहान, राजेश गोंधी, महेंद्र सिंह, यशपाल शर्मा, विश्व सिंह, कुलबीर सिंह, प्रहलाद सिंह व अन्य शामिल थे।