विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाकिस्तान ने लगातार नौवें दिन तोड़ा सीजफायर, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Sat, 03 May 2025 07:14 AM (IST)Updated: Sat, 03 May 2025 08:05 AM (IST)

पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार ने जिस तरह पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगाए हैं उससे बौखलाकर पाकिस्तान आए दिन एलओसी ...और पढ़ें

पाकिस्तान ने लगातार नौवें दिन तोड़ा सीजफायर, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब (फाइल फोटो)
पाकिस्तान ने लगातार नौवें दिन तोड़ा सीजफायर, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब (फाइल फोटो)

एएनआई, जम्मू। पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार ने जिस तरह पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगाए हैं, उससे बौखलाकर पाकिस्तान आए दिन एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी कर रहा है। इसी क्रम में पाकिस्तान सैनिकों ने शनिवार (गुरुवार रात) को भी एलओसी पर गोलीबारी की जिसका भारतीय सैनिकों ने उसी की भाषा में जवाब दिया।

वहीं भारतीय सेना ने इसको लेकर बयान जारी किया है। भारतीय सेना ने कहा कि 02-03 मई, 2025 की रात को, पाकिस्तानी सेना ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर क्षेत्रों के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने तुरंत और उचित जवाब दिया।

रात में हमला कर रहा पाकिस्तान

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत का कूटनीतिक दबाव झेल नहीं पा रहा पाकिस्तान बौखलाहट में नियंत्रण रेखा को सुलगाने कोशिश में है। दिन के उजाले में चेहरा छिपा रहा पाकिस्तान रात में अंधेरा गहराते ही गोलीबारी करने में लग जाता है। वह एलओसी से सटे छह में से पांच जिलों में पिछले आठ दिन से गोलीबारी कर रहा है।

गुरुवार की रात में भी उसने फायरिंग की। शुक्रवार को तड़के तक रुक-रुककर गोलीबारी की जाती रही, जिसका भारतीय सेना ने संयमित होकर करारा जवाब दिया। जम्मू-कश्मीर में एलओसी से पांच जिले लगते हैं और अब शनिवार को भी पाक सैनिकों ने सीमा पर गोलीबारी की।

इन जगहों को भी बनाया निशाना

इसमें उत्तरी कश्मीर के तीन जिले बांडीपोरा, बारामूला और कुपवाड़ा हैं तो वहीं जम्मू संभाग में राजौरी, पुंछ और जम्मू जिले का अखनूर सेक्टर नियंत्रण रेखा से लगता है।

गुरुवार की रात को पाकिस्तानी सैनिकों ने हल्के हथियारों से कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी के नौशहरा और जम्मू के अखनूर सेक्टर में गोलियां दागीं। इस गोलीबारी से पाकिस्तान सीमा पर सैन्य तनाव बढ़ाने की कोशिश में है। पाकिस्तानी सैनिकों की मंशा भारतीय जवानों को उकसाने वाली रहती है

बताया जाता है कि पाकिस्तान ने युद्धविराम तोड़ने के लिए अपने क्षेत्र में एलओसी के पास सैनिकों की संख्या भी बढ़ाई है। जम्मू के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों की प्रत्येक दुस्साहस का भारतीय जवान मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। अब तक की गोलीबारी में भारतीय क्षेत्र में कोई नुकसान नहीं हुआ है।