सांबा के रामगढ़ में सीमा पर पाकिस्तानी घुसपैठिया ढेर Jammu News
बीएसएफ के जवानों ने सांबा के रामगढ सेक्टर में पाकिस्तान के एक घुसपैठिए को मार गिराया है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। सीमा पर अंधेरे की आड़ में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के एक संदिग्ध को सोमवार तड़के सीमा प्रहरियों ने मार गिराया। मारे गए घुसपैठिए की पहचान संभव नही हो पाई है।
सोमवार सुबह तीन बजे के करीब सांबा जिले के रामगढ़ की एसएम पुर अग्रिम चौकी पर सर्तक सीमा प्रहरियों ने अंधेरे की आड़ में सीमा पार करने की कोशिश कर रहे एक घुसपैठिए काे नाइट विजय डिवाईस पर देख लिया। उसके पास आने पर जवानों ने उसे रूकने की चेतावनी दी। चेतावनी अनसुना कर वापस भागने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया गया।
अंधेरे की आड़ में सीमा पार करने की फिराक में था
अकसर आतंकवादियों का दल घुसपैठ करने के लिए गाईड को आगे भेजते हैं। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही रही है कि मारा गया घुसपैठिया आतंकवादियों का गाइड भी हो सकता है। उसकी आयु साठ साल के करीब बताई जाती है। उसके पास से कुछ नही मिला है। ऐसे में उसकी पहचान करना भी फिलहाल संभव नही हो पाया है। सीमा सुरक्षा बल ने आगे की कार्रवाई के लिए संदिग्ध के शव को पुलिस के हवाले कर दिया है।