Ceasefire Violation: जिला पुंछ के मनकोट सेक्टर में पाक ने की गोलाबारी, भारतीय जवानों ने भी दिया मुंहतोड़ जवाब
सेना ने मनकोट सेक्टर से लगते रिहायशी इलाकों में अभी अलर्ट जारी कर दिया है। गोलाबारी से बचने के लिए लोगों से सुरक्षित स्थानों में शरण लेने के लिए कह दिया गया है।
पुंछ, जेएनएन। जिला पुंछ नियंत्रण रेखा से सटे मनकोट सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की। वहीं भारतीय जवानों ने भी इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब पौने घंटे तक रूक-रूककर हुई इस गोलाबारी में किसी नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि भारतीय सेना ने इसी सेक्टर से जुड़े रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों में शरण लेने के लिए कहा गया है।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह करीब 10.20 बजे भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने भी तु़रंत मोर्चा संभालते हुए जवाब में गोलियां चलाई। करीब आंधे घंटे के बाद पाकिस्तान ने मोर्टार दोगना शुरू कर दिए। भारतीय जवानों ने भी उसी अंदाजा में मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब पौने घंटे तक हुई इस गोलाबारी के बाद अचानक से पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी बंद हो गई। भारतीय जवान सीमा पर पूरी सतर्कता बरते हुए हैं। सेना का कहना है कि अकसर आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के इरादे से पाकिस्तानी सैनिक इस तरह भारतीय सैनिकों का ध्यान भटकाने के लिए गोलाबारी करते हैं। फिलहाल इस गोलाबारी में किसी भी नुकसान की सूचना नहीं है।
सेना ने मनकोट सेक्टर से लगते रिहायशी इलाकों में अभी अलर्ट जारी कर दिया है। गोलाबारी से बचने के लिए लोगों से सुरक्षित स्थानों में शरण लेने के लिए कह दिया गया है। इसके अलावा किसी संदिग्ध व्यक्ति के देखे जाने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या सेना को सूचित करने की सलाह भी दी गई है।