पाक ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, पुलिस दल पर ग्रेनेड फेंकने वाले 2 आतंकी ढेर
लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सड़क पर खून से लथपथ पुलिसकर्मियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बारामुला, [जागरण संवाददाता]। उत्तरी कश्मीर के सोपोर क्षेत्र में आतंकियों ने एक पुलिस पार्टी पर हथगोले फेंक कर चार पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। इसके बाद सेना और पुलिस के साझा ऑपरेशन में 2 आतंकियों को ढेर कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कांस्टेबल नूर मुहम्मद, कांस्टेबल अब्दुल रहमान, कांस्टेबल बिलाल अहमद व हेड कांस्टेबल गुलाम हसन के रूप में हुई है।
यह घटना बुधवार शाम 4:25 बजे सोपोर थाने के बाहर घटी। बताया जाता है कि ये पुलिसकर्मी अपने अन्य सहकर्मियों के साथ गश्त दे रहे थे। इसी बीच आतंकियों ने उन पर हथगोले फेंक दिए, जो धमाके के साथ फट गए। धमाके की आवाज सुनते ही वहां अफरातफरी मच गई।
लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सड़क पर खून से लथपथ पुलिसकर्मियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति नाजुक बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला में आतंकियों ने सत्ताधारी पार्टी पीडीपी के कार्यकर्ता अब्दुल रशीद लोन पर गोलियां बरसा कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में कार्यकर्ता का एक परिजन भी घायल हो गया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
उधर नौशेरा में पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार को एक बार फिर जम्मू और कश्मीर के नौशेरा और कृष्णा घाटी क्षेत्रों में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दिया है। भारत की ओर से भी मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पाक ने नियंत्रण रेखा के पास छोटे हथियारों, आटोमैटिक्स, 82 मिमी और 120 मिमी मोर्टारों के साथ गोलीबारी की शुरूआत की है। इसके जवाब में भारतीय सेना भी प्रभावी तरीके से गोलीबारी कर रही है। दोनों ओर से फायरिंग जारी है। आगे की विवरण प्रतीक्षारत है।
यह भी पढ़ें: पाक सेना ने नहीं खोला गेट, 50 व्यापारिक ट्रक लौटे