आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए अखनूर में पाक गोलाबारी
अखनूर के केरी बट्टल सेक्टर के गांव जोगमा में पाकिस्तान ने गोलीबारी की, सेना ने सभी रास्तों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। पाकिस्तान ने बुधवार दोपहर अखनूर के केरी बट्टल सेक्टर के गांव जोगमा में गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। साढ़े पांच घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। सेना ने सीमा से सटे सभी रास्तों में सुरक्षा बढ़ा दी है। दोपहर एक क्षेत्र में बजे बारिश के कारण बिजिविलिटी कम थी। इस दौरान आतंकियों को नियंत्रण रेखा से घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तान सेना ने नत्थू टिब्बा व चकला इलाके पर गोलीबारी शुरू कर दी। शाम साढ़े पांच बजे तक क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से रुक रुक कर गोलीबारी होती रही।
गत महीने भी पाकिस्तान ने अखनूर के पलांवाला सेक्टर में आतंकवादियों के एक दल की घुसपैठ करवाने की कोशिश की थी। सीमा सुरक्षाबलों ने एक आतंकी मार गिराया था। तीन अन्य गोलीबारी के बीच भाग गए थे। बुधवार को पाक गोलाबारी के चलते टखर गांव में दहशत का माहौल बन गया। पाकिस्तान गोलीबारी में सेना के एक जवान के शहीद होने की अफवाह रही। जम्मू के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि गोलीबारी में किसी को कोई नुकसान नही हुआ। क्षेत्र में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। सेना व सीमा सुरक्षा बल किसी भी प्रकार की चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।