Jammu: व्यापार शुरू करने के नाम पर व्यक्ति को लगाया लाखों का चूना, मामला दर्ज
रविंद्र सिंह आरोपित महिला से उसके फोन नंबर 9210653518 पर संपर्क करता था। क्राइम ब्रांच उक्त नंबर की काल डिटेल को खंगाल रही है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: खुद को रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआई) का अधिकारी बता कर व्यक्ति से नया व्यापार शुरू करने के नाम पर लाखों रुपये ठगने वाली महिला व उसके सात साथियों के विरुद्ध क्राइम ब्रांच जम्मू ने मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता रविंद्र सिंह नाग निवासी बस स्टैंड कटड़ा ने शिकायत में बताया कि कुछ समय पूर्व वह एक महिला सोनी शर्मा निवासी नई दिल्ली के संपर्क में आए थे।
सोनी शर्मा ने उसे बताया कि वह आरबीआई में अधिकारी है। वह विदेश में नया व्यापार शुरू करना चाहती है, इसके लिए वह साथी की तलाश कर रही है। रविंद्र सिंह आरोपित महिला की बातों में आ गए और उन्होंने महिला द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में 19,33,174 रुपये व्यापार शुरू करने के लिए जमा करवा दिए। रविंद्र सिंह ने महिला द्वारा बताए बैंक खातों में रुपये जमा करवा दिया। महिला ने रविंद्र सिंह को आश्वासन दिया था कि उसके बैंक खाते में व्यापार शुरू करने के लिए जल्द हीं 8,56,35,06,000 रुपये आ जाएं।
रविंद्र सिंह ने जैसे ही आरोपित महिला द्वारा बताए गए बैंक खातों में रुपये जमा करवाएं तो इसके बाद महिला ने उससे संपर्क करना छोड़ दिया। रविंद्र सिंह इसके बाद क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवा दी। प्राथमिक जांच में क्राइम ब्रांच ने पाया कि शिकायतकर्ता ने आरोपित महिला के कहने पर रोटो कुलदीप, नदीम खान दोनों निवासी पटेल नगर, नई दिल्ली, हरीश कुमार निवासी बदरपुर, साउथ दिल्ली, मनदीप सिंह निवासी सुभाष नगर, नई दिल्ली, राकेश कुमार निवासी सुभाष नगर, नई दिल्ली, राकेश कचेरी निवासी दीमापुर, नागालैंड, कामिल अली निवासी नेहरू कैंप, कालका जी, साउथ दिल्ली के बैंक खातों में धनराशि जमा करवाई थी।
रविंद्र सिंह आरोपित महिला से उसके फोन नंबर 9210653518 पर संपर्क करता था। क्राइम ब्रांच उक्त नंबर की काल डिटेल को खंगाल रही है।