जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग एकतरफा खुला, 15 तक बंद रहेगा मुगल रोड
श्रीनगर-लेह मार्ग पर जोजिला में भारी बर्फबारी के कारण लेह जाने का मुख्य मार्ग आैर मुगल रोड को भी 15 नवम्बर तक बंद कर दिया है।
जम्मू, जेएनएन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को एक तरफा यातायात के लिए खोला दिया गया। वहीं श्रीनगर-लेह मार्ग पर जोजिला में भारी बर्फबारी के कारण लेह जाने का मुख्य मार्ग वाहनों के लिए बंद कर दिया है। वहीं प्रशासन ने बर्फबारी हटने तक मुगल रोड को भी 15 नवम्बर तक बंद कर दिया है। रामबन में भूस्खलन के कारण बंद हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फंसे वाहनों को निकालने के लिए एक तरफ से सड़क साफ कर उसे आवाजाही के लायक बना दिया गया है। यातायात अधिकारी के अनुसार फिलहाल मार्ग को श्रीनगर से जम्मू की तरफ खोला गया है। जम्मू से किसी भी वाहन को श्रीनगर की आेर जाने की इजाजत नहीं होगी।
लद्दाख को देश के अन्य भागों से जोड़ने वाला श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग भी सोमवार सुबह भारी बर्फबारी के चलते बंद कर दिया गया। गुलमर्ग, सोनमर्ग, जोजिला, साधना टॉप, सिंथन टॉप व महागुंस टॉप के निकट काफी बर्फबारी हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए ट्रैफिक विभाग ने रात को ही इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया था। मार्ग पर आठ इंच से अधिक बर्फ पड़ी हुई थी। यह मार्ग यातायात के लिए कब तक खुलेगा इस बारे में अभी अधिकारी कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है बर्फबारी रूक-रूक कर जारी है। बर्फ को हटाने का काम भी किया जा रहा है। जब तक पूरी तरह से मार्ग क्लीयर नहीं हो जाता किसी भी वाहन को श्रीनगर से लेह या फिर लेह से श्रीनगर कीर ओर आने की अनुमित नहीं दी जाएगी।
इसी बीच प्रशासन ने एतिहासिक मुगल रोड को भी 15 नवम्बर तक बंद रखने की घोषणा की है। रात में पीर की गली के आसपास के इलाके में भारी बर्फबारी हुई है। रोड पर यातायात बंद रहा। ग्रैफ के कर्मचारी सड़क को क्लीयर करने का काम कर रहे हैं परंतु सड़क को फिर से वाहनों के लिए खोलना मौसम की स्थितियों पर निर्भर करता है।
वहीं जम्मू संभाग के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में मौसम की पहली हल्की बारिश ने लोगों को ठंड का एहसास कराना शुरू कर दिया। लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। बारिश थोड़ी देर ही पड़ी परंतु घने बादल छाए रहें। जम्मू में जहां दिन का तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कटड़ा का तापमान 13.0, बटोत का तापमान 7.6, बनिहाल का तापमान 4.8, भद्रवाह का तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पहलगाम का शून्य से नीचे -1.1, गुलमार्ग का शून्य से नीचे -3.4, कारगिल का शून्य से नीचे -6.4, लेह का तापमान शून्य से नीचे -4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने सभी तैयारियां कर ली है। बर्फबारी वाले इलाकों में हेल्पलाइन और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। मौसम संभाग ने अगले 48 घंटों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसको लेकर पहले से ही लोगों को सचेत रहने की चेतावनी दे दी गई है।