नाला बनी कुंजवानी-बिश्नाह सड़क, त्रस्त हैं वाहन चालक
सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के सुपरिंटेंङ्क्षडग इंजीनियर एनडी ख्वाजा ने कहा कि शहर व आसपास की सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। शहर को जोडऩे वाला कुंजवानी-बिश्नाह मार्ग बारिश के बाद नाले का रूप ले चुका है। सड़क पर चलना मुश्किल है। गड्ढे अब पानी से भर चुके हैं। इस मार्ग पर चलना खतरे से खाली नहीं है। लोग जल्द निर्माण की मांग कर रहे हैं।
हादसों को न्योता देते इस मार्ग को पक्का करने के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। कई वर्ष से यहां तारकोल नहीं डाली गई। मार्ग पर आने-जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दो पहिया चालकों को कई बार हादसों का शिकार होना पड़ा है। दो दिन पहले हुई बारिश के दौरान तो यहां से गुजरना मुश्किल था। इस मार्ग पर हर समय वाहनों की आवाजाही रहती है। बिश्नाह से जम्मू या फिर यहां से बिश्नाह की ओर जाने वाले अधिकतर लोग इस मार्ग को अपनाते हैं। कई बार लोग सड़क एवं भवन निर्माण विभाग से मांग उठा चुके हैं लेकिन कुछ नहीं हो रहा। विभाग हर बार बरसात के बाद इसकी मरम्मत करने व तारकोल डालने का लॉलीपाप थमा देता है।
सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के सुपरिंटेंङ्क्षडग इंजीनियर एनडी ख्वाजा ने कहा कि शहर व आसपास की सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। कुछ के टेंडर खुल चुके हैं। शेष के कार्य भी जल्द शुरू होंगे। फंड के हिसाब से कहीं मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं तो कई स्थानों पर सड़कों का निर्माण जारी है।
लोगों ने रखी अपनी समस्याएं
- कुंजवानी से बिश्नाह तक अधिकतर सड़क की हालत खराब है। इस पर चलना बहुत मुश्किल है। दो पहिया चालक व पैदल चलने वालों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। यहां चलना खतरे से खाली नहीं रह गया। - अरुण कुमार
- सड़कों की हालत बारिश के बाद और भी बदतर हो गई है। कुंजवानी-बिश्नाह के अलावा गंग्याल की कुछ सड़कों को भी मरम्मत का इंतजार है। कुंजवानी चौक के पास भी गड्ढ़े पड़े हुए हैं। विभाग मरम्मत करवाए। - केवल कृष्ण
- दावे तो बहुत किए जाते हैं लेकिन काम नहीं होता। कुंजवानी के आसपास सड़कों की हालत इसकी मिसाल है। मुख्य सड़क को छोड़ दिया जाए तो शेष मार्ग बदहाल हैं। लोगों का चलना मुश्किल हो रहा है। - संजय कुमार
- अच्छी सड़कें बनाई जानी चाहिए। एक ही बारिश के बाद सड़कों की हालत बदतर हो जाती है। बिश्नाह जाते समय बुरा हाल हो जाता है। सड़कों की हालत बहुत खराब है। इन्हें ठीक किया जाना चाहिए। - तरुण शर्मा