विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख में 396 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, लेह में LG विनय सक्सेना ने सौंपे नियुक्ति पत्र

Published: Thu, 17 Sep 2026 09:41 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख के 396 युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा मिला। लेह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने नियुक्ति पत्र सौंपे।

युवती को नियुक्ति पत्र सौंपते एलजी विनय कुमार सक्सेना। फोटो जागरण

युवती को नियुक्ति पत्र सौंपते एलजी विनय कुमार सक्सेना। फोटो जागरण

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख में 396 युवाओं को नौकरी।

  2. उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने लेह में नियुक्ति पत्र सौंपे।

  3. युवाओं को ईमानदारी और संवेदनशीलता से जनता की सेवा का आह्वान।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वीरवार को लद्दाख के 396 युवाओं को सरकार नौकरी को तोहफा मिला। लेह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने लद्दाख के इन युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मनाए जा रहे सेवा दिवस के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी नहीं हैं। ये परिवार के सपने की पूर्ति है।

उपराज्यपाल ने लद्दाख के विभिन्न विभागों में नियुक्त इन युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनसे पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता व पेशेवर भावना के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।

उपराज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार के अभूतपूर्व व निरंतर सहयोग से लद्दाख में नियमित भर्ती के लिए एक पारदर्शी व मजबूत ढांचा तैयार किया गया है। इसके परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 से अब तक 1,200 से अधिक नियुक्ति के आदेश जारी किए जा चुके हैं।

वहीं यूपीएससी, एलएसएसएसआरबी व जिला भर्ती बोर्डों के माध्यम से 1,361 उम्मीदवारों की भर्ती के लिए सिफारिश की गई है। इसके अलावा 1,507 पद वर्तमान में भर्ती प्रक्रिया में हैं,। उन्होंने बताया इस वर्ष विभागीय पदोन्नति समिति के माध्यम से 726 पदोन्नतियों को मंजूरी दी गई है।

लद्दाख के सबसे दूरदराज गांवों तक पहुंचाने का प्रयास

उपराज्यपाल ने कहा कि नियुक्ति पत्र एक नई शुरुआत व लोगों की सेवा करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों वाले लद्दाख जैसे क्षेत्र में सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि वे ईमानदारी, संवेदनशीलता व पेशेवर दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंनें कहा कि युवा तकनीक का उपयोग करते हुए शासन व सरकारी सेवाओं को लद्दाख के सबसे दूरदराज गांवों तक पहुंचाने का प्रयास करें।

देश के विकास में सक्रिय योगदान

उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समावेशी विकास के विजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाया जा रहा है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि लद्दाख के युवा क्षेत्र और देश के विकास में सक्रिय योगदान देंगे। इस मौके पर नियुक्त हुए युवाओं के साथ लद्दाख प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

इस समय लद्दाख में विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश में युवाओं की उम्मीदों को पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।