जिला उपायुक्त जम्मू के समक्ष छलका किसानों का दर्द
बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का मुआयना करने के लिए बुधवार को जिला उपायुक्त जम्मू अंशुल गर्ग बिश्नाह पहुंचे तो किसानों का दर्द छलक आया। किसानों ने कहा कि वो बर्बाद हो गए हैं उनके पास कुछ नहीं बचा और वो कर्ज के नीचे दब गए हैं।
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का मुआयना करने के लिए बुधवार को जिला उपायुक्त जम्मू अंशुल गर्ग बिश्नाह पहुंचे तो किसानों का दर्द छलक आया। किसानों ने कहा कि वो बर्बाद हो गए हैं, उनके पास कुछ नहीं बचा और वो कर्ज के नीचे दब गए हैं। उन्होंने जिला उपायुक्त से कहा कि किसानों को गुमराह करने के बजाय उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वो फिर से खेती करने में जुट जाएं। वहीं जिला उपायुक्त ने कहा कि जिलाधीश जम्मू अंशुल गर्ग ने कहा कि किसानों की भरपाई की दिशा में प्रयास जारी है। नुकसान का ब्योरा बनाकर भेज रहे हैं, किसान थोड़ा धैर्य रखें।
जिला उपायुक्त जम्मू अंशुल गर्ग ने एसडीएम साउथ अभिषेक अबरोल, तहसीलदार बिश्नाह सोहन लाल राणा के साथ बिश्नाह ब्लॉक व बॉर्डर एरिया के गांव सरोर, रतनाल, खेरी,मगाल, मजुआ, चक शिबू, चक चिमना, कठाड अरनिया,त्रेवा सहित कई पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों को करीब से देखा। वहीं जिला विकास परिषद (डीडीसी)सदस्य धमेंद्र कुमार ने किसानों की उजड़ी फसल को दिखाते हुए कहा कि किसान बर्बाद हो गए हैं, उन्हें जल्द मुआवजा दिया जाए। वहीं सरपंच विजय सैनी ने भी जिला उपायुक्त से किसानों की मदद करने की गुहार लगाई।
बर्बाद फसलों की सूची बनाई जा रही है : जिला उपायुक्त जम्मू
क्षेत्र के दौरान बर्बाद फसल को देखने के बाद जिला उपायुक्त जम्मू अंशुल गर्ग ने कहा कि किसानों का बहुत नुकसान हुआ है। फसल नुकसान से वह भी दुखी हैं। किसानों के दर्द से वह अवगत हैं। किसानों की वर्तमान स्थिति को उपराज्यपाल तक पहुंचाने के लिए सूची तैयार हो रही है। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि फसलों की बर्बादी की भरपाई की दिशा में प्रयास जारी है।
सलाहकार फारूक खान के समक्ष रखीं किसानों की समस्याएं
संवाद सहयोगी, ज्योड़ियां : किसान सेल के पूर्व वाइस चेयरमैन दलजीत सिंह चिब ने बुधवार को उपराज्यपाल के सलाहकार फारूक खान से मुलाकात की। उन्होंने सलाहकार के समक्ष किसानों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने फारूक खान से बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का किसानों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले लाकडाउन ने गरीब किसानों को काफी नुकसान पहुंचाया और पिछले दिनों में हुई बारिश ने किसान की तो कमर ही तोड़ दी है। किसान को उचित मुआवजे के साथ ही अगली फसल के लिए उन्हें बीज-खाद मुफ्त में दिया जाना चाहिए, ताकि किसानों को थोड़ी राहत मिल सके। फारूक खान ने आश्वासन देते हुए कहा कि किसानो के साथ न्याय होगा। इस मोके पर कलभूशण खजुरिया, राष्ट्रीय किसान संगठन के प्रधान ठाकुर शिव देव सिंह, तहरीक ए किसान जेएंडके के प्रधान किशोर कुमार, पोटेटो ग्रोवर एसोसिएशन के प्रधान बसंत सिंह सैनी, भारतीय कृषि समाज के प्रधान रगुनंदन खजुरिया, बासमती ग्रोवर एसोसिएशन के उपप्रधान विजय चौधरी, वेजीटेबल ग्रोवर एसोसिएशन के प्रधान पीएन पादा मौजूद रहे।