संस्कृत में शपथ लेने पर कॉरपोरेटर सम्मानित
जागरण संवाददाता, जम्मू : संस्कृत में शपथ लेने वाले जम्मू वेस्ट वार्ड नंबर 30 कांग्रेस की कॉरपो
जागरण संवाददाता, जम्मू : संस्कृत में शपथ लेने वाले जम्मू वेस्ट वार्ड नंबर 30 कांग्रेस की कॉरपोरेटर सोनिका शर्मा और वार्ड न. 38 के भाजपा के कॉरपोरेटर सुरेंद्र शर्मा को श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट की और से त्रिकुटा नगर जम्मू में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सदस्य डॉ. चंद्रमौलि रैना कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत शोधकर्ताओं ने वैदिक मंत्रों से किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ज्योतिषाचार्य ने बताया कि पहली बार प्रदेश के इतिहास में किसी राजनीतिज्ञ ने संस्कृत में शपथ ग्रहण की है। यह संस्कृत प्रेमियों के लिए हर्ष का विषय है। जम्मू कश्मीर देववाणी संस्कृत के विद्वानों की जन्मभूमि है। हम किसी भाषा का विरोध नहीं करते, देववाणी संस्कृत भाषा सब भाषाओं की जननी है। जम्मू कश्मीर के इतिहास में आज तक किसी सांसद, विधायक, मंत्री, पार्षद आदि ने कभी भी संस्कृत में शपथ ग्रहण नहीं की। डोगरी, अंग्रेजी, पंजाबी, उर्दू आदि भाषाओं में सभी ने शपथ ग्रहण की है।
जम्मू कश्मीर की भूमि शैव दर्शन का सनातन केंद्र रही है। इसी पावन पवित्र भूमि पर प्रत्यभिज्ञा दर्शन के संस्थापक आचार्य अभिनवगुप्त, महाकवि कल्हण, महाकवि विल्हण एवं अनेक प्राचीन संस्कृत मनीषियों का उद्भव हुआ है। इन आचार्यो ने अपने कर्मरूपी तप से न केवल भारतवर्ष को अपितु संपूर्ण विश्व को एकता के सूत्र में पिरोने का मार्ग प्रशस्त किया था। राज्य में संस्कृत से विलुप्त होती जा रही है। वर्तमान में जम्मू- कश्मीर में संस्कृत गुरुकुलों की कमी के कारण संस्कृत पढ़ने के इच्छुक विद्यार्थी ¨चतित हैं। यदि जम्मू कश्मीर में संस्कृत गुरुकुल की स्थापना हो तो प्रदेश में विलुप्त हुए संस्कृत धर्म दर्शन की पुनर्प्रतिष्ठा संभव है ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. चंद्रमौलि रैना ने कहा इन दोनों पार्षदों ने संस्कृत में शपथ ग्रहण की है। इसी प्रयास से हम धीरे-धीरे संस्कृत के विकास की ओर अग्रसर हो सकते हैं। यह तरीका उत्तम है। इस अवसर पर राकेश शर्मा, संजीव शर्मा, राम पाल शास्त्री, विनय शास्त्री, अनिल शर्मा आदि उपस्थित रहे।