NPP संस्थापक प्रो. भीम सिंह को पार्टी से निकाला, चेयरमैन हर्ष देव ने कहा-अब उनका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं
प्रो. भीम सिंह को पार्टी से इस लिए निकाला गया है क्योंकि वह पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डेक्लेरेशन के प्रधान डॉ फारूक अब्दुल्ला व संगठन के अन्य नेताओं से मिलने के लिए उनके निवास पर गए थे। चेयरमैन ने भीम सिंह को पार्टी से निष्कासित करने का एलान किया है।
जम्मू, जेएनएन। नेशनल पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्ष देव सिंह ने प्रो. भीम सिंह को पार्टी से निष्कासित करने का एलान किया है। उन्होंने यह एलान करते हुए कहा कि पार्टी नेताओं ने सोच-समझकर यह फैसला लिया है। उन्हें पैट्रन पद से हटाते हुए हर्ष देव सिंह ने कहा कि अब उनका इस पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। पार्टी का चेयरमैन होने के नाते वे उन्हें पद व जिम्मेदारियों से मुक्त करते हैं।
प्रो. भीम सिंह को पार्टी से इस लिए निकाला गया है क्योंकि वह पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डेक्लेरेशन के प्रधान डॉ फारूक अब्दुल्ला व संगठन के अन्य नेताओं से मिलने के लिए उनके निवास पर गए थे। डॉ फारूक अब्दुल्ला से उनकी हुई इस बैठक के बाद नेशनल पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्ष देव सिंह ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान प्रो. भीम सिंह को पार्टी से निकाले जाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि प्रो. भीम सिंह जो आज डॉ अब्दुल्ला से मिलने गए हैं, वे उनका निजी निर्णय था, पार्टी से उनकी इस बैठक का कोई लेना देना नहीं है।
वह बुजुर्ग हो गए हैं, उन्हें अकसर यह पता नहीं चलता कि वह क्या कर रहे हैं। यही वजह है कि पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि उन्हें पैट्रन पद से हटा दिया जाए। हर्ष देव सिंह ने कहा कि पार्टी ने प्रो. भीम सिंह को तमाम जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। आज से उनके पास पार्टी के लिए कोई भी निर्णय लेने का हक नहीं है। उन्होंने इस दौरान यह एलान भी किया कि जम्मू के हक के लिए पैंथर्स पार्टी का आंदेालन जारी रहेगा। जब तक जम्मू के लोगों को उनका हक नहीं मिल जाता यह आंदोलन समाप्त नहीं हाेगा।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से कुछ राजनीतिक दल अनुच्छेद 370, 35-ए को लेकर भारत के खिलाफ बात कर रहे हैं, पैंथर्स उनके साथ नहीं है। पैंथर्स पार्टी सेक्युलर पार्टी है, हम हर धर्म-जाति की बात करने वाले हैं। हमने सभी को साथ लेकर चलना है। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों से अपील की कि वह नेशनल पार्टी के आंदोलन में शामिल हों। जितना भेदभाव जम्मू के लोगों के साथ होती रही है, उसके जिम्मेदार जो लोग हैं, उन्हें पैंथर्स पार्टी कठघरे में खड़ा करेगी। भाजपा भी इसमें शामिल है।
चाचा-भतीजा हैं हर्षदेव व भीम सिंह :
पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह का प्रो. भीम सिंह के साथ पारिवारिक रिश्ता है। वह भीम सिंह के भाई के बेटे हैं। उनके बीच चाचा-भतीजे का रिश्ता है। पैंथर्स पार्टी के प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया भी भीम सिंह की बहन के बेटे (भांजे) हैं।