अब एटीएम कार्ड से कर सकेंगे नगर निगम को फीस का भुगतान
जागरण संवाददाता जम्मू नगर निगम में किसी भी तरह का भुगतान करने के लिए अब दफ्तरों के चक्क
जागरण संवाददाता, जम्मू : नगर निगम में किसी भी तरह का भुगतान करने के लिए अब दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। निगम ने पीओएस मशीन से फीस व राजस्व जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न वार्डों में इन मशीनों के जरिए निगम के राजस्व को जमा किया जा सकेगा। अब एटीएम कार्ड भी लोग निगम को फीस जमा कर सकेंगे।
सोमवार को मेयर चंद्रमोहन गुप्ता ने निगम आयुक्त अवनी लवासा के साथ टाउन हाल में प्वाइंट ऑफ सेल टर्मिनल (पीओएस) मशीन का उद्घाटन किया। जन्म व मरण प्रमाण पत्र की फीस के अलावा राजस्व जुटाने की प्रक्रिया में इस मशीन के आने से काफी सुविधा होगी। लोग अपने एटीएम कार्ड से फीस जमा करवा पाएंगे। मौके पर ही मशीन से रसीद भी उन्हें मिल जाएगी। इससे निगम की प्रक्रिया में भी पारदर्शित आएगी। पैसा उसी समय निगम के एकाउंट में जमा हो जाएगा। मेयर ने कहा कि डिजिटल तरीके से राजस्व जमा करने के लिए ऐसी 50 मशीनें लगाई जा रही हैं। इससे निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों को भी फीस जमा करने की प्रक्रिया से काफी राहत मिलेगी। मेयर ने कहा कि निगम ने जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र की होम डिलीवरी शुरू कर दी है। पीओएस के शुरू होने से निगम में जुटने वाली भीड़ कम होगी। ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए निगम ने यह प्रक्रिया शुरू की है। देश में कुछ यूटी में भी यह प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने लोगों से भी इन मशीनों के माध्यम से निगम की भुगतान करने की अपील की।
वहीं अवनी लवासा ने कहा कि निगम के दफ्तर में आने से परहेज करते हुए पीओएस से अपनी फीस जमा करवाएं। कोरोना महमारी के दौर में इस मशीन की बहुत महत्ता है। पीओएस मशीनों से निगम कर्मचारियों को अपनी फीस जमा करवाएं। फीस मिलते ही निगम प्रमाण पत्र जारी कर देगा।