Jammu : तालाब तिल्लो में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली नव विवाहिता
बीते कुछ दिन से उसका पति काम के सिलसिले में बिश्नाह गया हुआ था। वह घर में अकेली ही रह रही थी। मृत मिली महिला बुधयारी भारती मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले अजय भारती की पत्नी थी। वे इन दिनों तालाब तिल्लो में रह रही थे।
जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर के तालाब तिल्लो विकास लेन इलाके में रहने वाली नव विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। फंदा साड़ी का बना हुआ था। दो माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। बीते कुछ दिन से उसका पति काम के सिलसिले में बिश्नाह गया हुआ था। वह घर में अकेली ही रह रही थी। मृत मिली महिला बुधयारी भारती मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले अजय भारती की पत्नी थी। वे इन दिनों तालाब तिल्लो में रह रही थे।
जिस झुग्गी में फंदे से शव लटके हाेने की सूचना मिली, पुलिस टीम वहां मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी अस्पताल पहुंचाया। नवाबाद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है कि ऐसा क्या कारण था कि महिला ने शादी के मात्र दो महीने बाद ही आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों से भी उसके बारे में पता किया जा रहा है।
चौकी प्रभारी तालाब तिल्लो काली चरण ने बताया कि प्रवासी श्रमिक अजय भारती ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी फोन नहीं उठा रही थी। जब वह अपनी झुग्गी में पहुंचा तो अंदर उसकी पत्नी फंदे पर लटकी मिली। महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही तालाब तिल्लो पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने घटना स्थल से सबूतों को जुटा लिया। जिस साड़ी से महिला का शव लटकता हुआ मिला, उसको पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में भेज दिया है। पुलिस जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का ही मामला है या हत्या का। यदि आत्महत्या की गई तो क्यों? पुलिस ने महिला के पति से प्रारंभिक पूछताछ की है।