नवरात्र में वैष्णो देवी जाने वालों के लिए खुशखबरी, नई दिल्ली-कटड़ा स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े; जानें डिटेल्स
उत्तर रेलवे ने त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ के लिए नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के ...और पढ़ें

नवरात्र में स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे; राजधानी में भी बढ़ेंगी सीटें। (फाइल फोटो)
HighLights
नई दिल्ली-कटड़ा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे।
जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी में अतिरिक्त थर्ड एसी कोच।
त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, जम्मू। आगामी त्योहारों और नवरात्र के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है। पहले यह ट्रेन 8 से 26 अक्टूबर के बीच चलाने का निर्णय लिया गया था। अब दशहरा और नवरात्र की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इसके अतिरिक्त फेरे 2 से 5 अक्टूबर के बीच भी चलाए जाएंगे।
ट्रेन संख्या 04081 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस नई दिल्ली से 2, 3 और 4 अक्टूबर को रात 11:45 बजे रवाना होगी।
ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन दोपहर 12 बजे कटड़ा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 3, 4 और 5 अक्टूबर को रात 9 बजे कटड़ा से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
राजधानी में भी अतिरिक्त कोच
यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने 12426 जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में थर्ड एसी का एक अतिरिक्त कोच भी अस्थायी रूप से जोड़ने का फैसला किया है।
यह अतिरिक्त कोच 4, 5, 10, 14, 15, 16 और 17 अक्टूबर तथा 18 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक जम्मू तवी से चलने वाली ट्रेन में लगाया जाएगा। इससे त्योहारों के दौरान जम्मू से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
