चार दिन में एक लाख पार होंगे अन्य प्रदेशों से लौटने वाले
अगले चार दिन में अन्य प्रदेशों से जम्मू कश्मीर के नागरिकों के लौटने का आंकड़ा एक लाख पार कर जाएगा। ये लोग लॉकडाउन में कई राज्यों में फंस गए थे। अब तक
राज्य ब्यूरो, जम्मू : अगले चार दिन में अन्य प्रदेशों से जम्मू कश्मीर के नागरिकों के लौटने का आंकड़ा एक लाख पार कर जाएगा। ये लोग लॉकडाउन में कई राज्यों में फंस गए थे। अब तक 83,334 श्रमिक, विद्यार्थी व अन्य आ चुके हैं। इनमें से 63109 लोग ढाई हजार बसों में लखनपुर के रास्ते लाए हैं। वहीं 20 हजार लोग 23 कोविड रेलगाड़ियों और तीन उड़ानों से जम्मू कश्मीर पहुंचे हैं।
लौटने वालों के शत प्रतिशत सैंपल भी लिए जा रहे हैं। प्रशासनिक क्वारंटाइन में रखे गए लोगों को तभी घर जाने दिया जाता है जब उनकी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव है। इस समय कठुआ, जम्मू, ऊधमपुर व श्रीनगर जिला प्रशासन की ओर से घर वापसी की मुहिम को सुरक्षित बनाने के लिए विशेष बंदोबस्त किए हैं।
जम्मू कश्मीर के सरकार के प्रवक्ता व प्रमुख सचिव रोहित कंसल का कहना है कि कोरोना कीरोकथाम संबंधी गृह मंत्रालय के निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। देश के अन्य हिस्सों से लोगों को लाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। ऐसे में लोगों के लिए संयम बरतना बहुत जरूरी है। कुछ दिनों में रेलगाड़ियों से लोगों को लाने के लिए कोशिशें जोर पकड़ जाएंगी। महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, राजस्थान से लोगों को रेलगाड़ियों में लाने की तैयारी की गई है। कुछ देशों में फंसे लोगों को लाने के लिए विदेश मंत्रालय से भी लगातार समन्वय बना जा रहा है।