विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7 समंदर पार राखी भेजना हुआ आसान, डाकघर में छुट्टियों के दिन भी बुकिंग; 15 दिन में अमेरिका-कनाडा पहुंच रहा पार्सल

Published: Thu, 20 Aug 2026 12:46 PM (IST)

नवांशहर डाकघर ने रक्षाबंधन के लिए राखियों की बुकिंग तेज कर दी है, जिसमें रविवार को भी बुकिंग और डिजिटल भुगतान की सुविधा है।

नवांशहर में छुट्टी वाले दिन भी खुले डाकघर (जागरण)

नवांशहर में छुट्टी वाले दिन भी खुले डाकघर (जागरण)

HighLights

  1. रविवार को भी राखियों की बुकिंग सुविधा उपलब्ध।

  2. सिर्फ राखी भेजने पर बुकिंग में 10% छूट।

  3. विदेशों के लिए अलग काउंटर, वॉटरप्रूफ लिफाफे।

शुभेंदु शुक्ला, नवांशहर। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन (28 अगस्त) नजदीक आते ही नवांशहर के मुख्य डाकघर में राखियों की बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। सात समंदर पार बैठे भाइयों की कलाई इस रक्षाबंधन पर सूनी न रहे और राखियां तय समय पर सुरक्षित पहुंच जाएं, इसके लिए डाक विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। बहनों को लंबी कतारों से बचाने और पार्सल की सुचारू बुकिंग के लिए डाकघर में ''स्टेट'' (घरेलू) और ''फॉरेन'' (अंतरराष्ट्रीय) बुकिंग के लिए अगले हफ्ते अलग-अलग काउंटर स्थापित कर दिए जाएंगे।

जो कि नौकरीपेशा महिलाओं और त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए डाकघर की तरफ से एक बड़ी राहत है। वर्किंग- डे पर नवांशहर और बंगा डाकघर में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक बुकिंग होने के साथ-साथ, रविवार को अवकाश के दिन भी विशेष रूप से सुबह 9 बजे से 4:30 बजे तक राखियों की बुकिंग की जा रही है।

नवांशहर मुख्य डाकघर से अलग-अलग स्टेट में 100 से 150 और अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और यूके, इटली, सऊदी अरब सहित 219 फॉरेन कंट्रीज में 40 से 50 पार्सल रोजाना बुक हो रहे हैं।

देश के अन्य राज्यों (डोमेस्टिक) में राखी पहुंचने में जहां 4 से 5 दिन का समय लग रहा है, वहीं विदेशों में 10 से 12 दिन और अमेरिका-कनाडा जैसे देशों में पार्सल 15 दिन में पहुंच रहे हैं। समय की बचत और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए काउंटरों पर क्यूआर कोड की सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे बुकिंग प्रक्रिया चंद मिनटों में पूरी हो रही है।

सिर्फ राखी भेजने पर बहनों को 10 प्रतिशत की छूट

डाक विभाग की ओर से इस बार बहनों को एक खास ऑफर दिया जा रहा है। यदि पार्सल में अन्य सामान के बजाय ‘सिर्फ राखी’ भेजी जाती है, तो ग्राहकों को बुकिंग चार्ज पर सीधे 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।

इसका उद्देश्य त्योहार पर किफायती दरों में राखी पहुंचाना है। राखी को सुरक्षित रखने के लिए डाकघर के काउंटर पर 15, 20 और 50 रुपये की कीमत वाले विशेष वॉटरप्रूफ और डिजाइनर लिफाफे भी बेचे जा रहे हैं।

बड़े इन्वेल्प में बहनें चॉकलेट या ज्यादा राखियां भेज सकती हैं। इन डिजाइनर लिफाफों की मांग इतनी अधिक है कि पिछले 20 दिनों के भीतर ही 200 लिफाफे बिक चुके हैं। इस भारी डिमांड को देखते हुए डाक विभाग ने तुरंत उतने ही (200) नए लिफाफों का ऑर्डर और मंगवा लिया है, ताकि अंतिम समय में किसी भी बहन को खाली हाथ न लौटना पड़े।

इंडिया पोस्ट की इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस (आईटीपीएस) और पार्सल सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ग्राहकों से पार्सल के आकार के आधार पर कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाता। पार्सल का जो वास्तविक वजन होता है, बिलिंग उसी के आधार पर की जाती है।

आईटीपीएस के रेट राखी और छोटे उपहारों (अधिकतम 2 से 5 किलो तक) के लिए यह सबसे किफायती सेवा है। 1 किलो वजन के लिए कुछ प्रमुख देशों के रेट इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं (इन दरों पर सरकारी नियमानुसार 18% अलग से देय होगा)।

इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस (आईटीपीएस) - 135 देशों के लिए, क्या है इसकी खासियत?

यह सेवा विशेष रूप से राखी, चॉकलेट, मिठाई या अन्य जरूरी सामान या छोटे उपहार भेजने के लिए भी कर सकते हैं। इसके जरिए आप केवल हल्के पार्सल (अधिकतम 2 किलो या 5 किलो, देशों के अनुसार ही भेज सकते हैं। स्पीड पोस्ट के मुकाबले यह सेवा काफी सस्ती है और इसमें पार्सल की ऑनलाइन ''ट्रैकिंग'' सुविधा भी मिलती है।

  • यूएई : 470 रुपए (अधिकतम 5 किलो तक भेज सकते हैं)
  • यूके : 675 रुपए (अधिकतम 5 किलो)
  • जर्मनी: 720 रूपए (अधिकतम 2 किलो)
  • सऊदी अरब: 755 रूपए (अधिकतम 2 किलो)
  • इटली: 920 रूपए (अधिकतम 2 किलो)
  • अमेरिका : 1065 रूपए (अधिकतम 5 किलो)
  • कनाडा : 1100 रूपए (अधिकतम 5 किलो)
  • ऑस्ट्रेलिया: 1250 रूपए (अधिकतम 2 किलो)
  • न्यूजीलैंड : 1435 रूपए (अधिकतम 2 किलो)

भारी पार्सल के लिए: स्पीड पोस्ट और इंटरनेशनल पार्सल, 219 देशों के लिए

यदि बहनें राखी या अन्य भारी सामान भेजना चाहती हैं, तो उनके लिए 219 देशों में स्पीड पोस्ट और साधारण पार्सल की सुविधा उपलब्ध है। इसमें 20 किलो से लेकर 31.5 किलो तक का सामान भेजा जा सकता है।

'रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बहनों को राखियां भेजने में किसी तरह की मुश्किलें नहीं आए इसके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराया जा रहा है। अभी एक काउंटर पर बुकिंग ली जा रही है, भीड़ से राहत के लिए जल्द ही दो काउंटर ओपन कर दिए जाएंगे। रविवार को अवकाश के दिन भी बुकिंग ली जा रही है। देश-विदेश कहीं बहनें राखी या अन्य जरूरी सामान पार्सल कर सकती हैं। अलग-अलग रेट व साइज के हिसाब से वाटर प्रूफ इन्वेल्प मंगवाए गए हैं, जिसमें राखी या कोई उपहार भेज सकते हैं। बहनें सिर्फ राखी भेजती हैं, तो बुकिंग पर 10 प्रतिशत डिस्काउंट दिया जा रहा है।' -राजकुमार, इंस्पेक्टर डाक विभाग