नवरात्रि में माता के दरबार जाना है? अभी कर लें टिकट बुक, जम्मू-कटड़ा की ट्रेनों में सीटों की मारामारी; रेलवे अलर्ट
पवित्र नवरात्रि के लिए जम्मू और कटड़ा आने-जाने वाली ट्रेनों में आरक्षण की भारी मांग है, जिससे यात्रियों को परेशानी ...और पढ़ें

नवरात्रि पर जम्मू-कटड़ा की ट्रेनों में आरक्षण की मारामारी। (फाइल फोटो)
HighLights
नवरात्रि के लिए जम्मू-कटड़ा ट्रेनों में आरक्षण की भारी मारामारी।
रेलवे ने भीड़ के लिए अतिरिक्त ट्रेनें और कोच लगाए।
आरपीएफ टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष निगरानी करेगी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। 11 अक्टूबर माह से शुरू होने वाले पवित्र नवरात्रि को लेकर जम्मू और कटड़ा आने-जाने वाली रेलगाड़ियों में आरक्षण की मारामारी शुरू हो गई है। नवरात्रि के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू और कटड़ा पहुंचते हैं। ऐसे में त्योहार से पहले ही लंबी दूरी की कई ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ने लगी है और यात्रियों को आरक्षण के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुछ अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियां चलाने के साथ ही कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की गई है।
रेलवे का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान जम्मू और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए अतिरिक्त यातायात दबाव को संभालना है। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की होती है, जो देश के विभिन्न राज्यों से रेल मार्ग के जरिए जम्मू पहुंचते हैं और इसके बाद कटड़ा के लिए रवाना होते हैं।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों से आने वाली ट्रेनों में नवरात्रि के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। जम्मू पहुंचने वाले श्रद्धालु यहां से सड़क और रेल मार्ग के माध्यम से कटड़ा पहुंचते हैं। यही कारण है कि नवरात्रि से पहले ही जम्मू आने और यहां से वापस अपने गंतव्य की ओर जाने वाली ट्रेनों में आरक्षण की मांग बढ़ गई है। परिवार के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालु पहले से ही टिकट बुक कराने में जुटे हुए हैं।
अतिरिक्त ट्रेनों और कोच से मिलेगी राहत
रेलवे ने भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन और कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की है। इससे नवरात्र के दौरान जम्मू और कटड़ा की ओर आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
टिकट की कालाबाजारी पर आरपीएफ की नजर
नवरात्रि के दौरान टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए टिकट की कालाबाजारी रोकना भी रेलवे के लिए चुनौती होगी। इसे देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष निगरानी की तैयारी की है। आरपीएफ के जवानों के विशेष दस्ते बनाए जाएंगे, जो आरक्षण केंद्रों और उनके आसपास सादे कपड़ों में तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
दलालों द्वारा जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल या आरक्षित टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर अधिक पैसे वसूलने की शिकायतों को रोकने के लिए भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। आरपीएफ द्वारा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ टिकट आरक्षण में किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
