विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 02, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जम्मू में बदलने लगे चौक के नाम, सिटी चौक बना भारत माता चौक तो सर्कुलर रोड अब अटल चौक

By Shashank PandeyEdited By:
Published: Mon, 02 Mar 2020 08:28 AM (IST)Updated: Mon, 02 Mar 2020 04:47 PM (IST)

सिटी चौक का नाम भारत माता पर पड़ा सर्कुलर रोड अब अटल चौक-भगवती नगर चौक का नाम बाबा अमरनाथ जी चौक रखा जाएगा।

जम्मू में बदलने लगे चौक के नाम, सिटी चौक बना भारत माता चौक तो सर्कुलर रोड अब अटल चौक
जम्मू में बदलने लगे चौक के नाम, सिटी चौक बना भारत माता चौक तो सर्कुलर रोड अब अटल चौक

जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर का प्रसिद्ध सिटी चौक अब भारत माता चौक के नाम से जाना जाएगा। सर्कुलर रोड का नाम भी बदल कर अटल जी चौक कर दिया गया है। इन चौराहों पर रविवार को बोर्ड लगा दिए गए। जल्द कुछ और चौराहों के नाम भी बदल दिए जाएंगे।

नगर निगम की जनरल हाउस की बैठक में दो दिन पहले ही तवी नदी पर बने चौथे पुल के नजदीक भगवती नगर चौक का नाम बदल कर बाबा अमरनाथ जी चौक रखने का फैसला लिया गया है। कच्ची छावनी चौक का भी रंगरूप बदलने वाला है। यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की साढ़े आठ फुट ऊंची प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है।

डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा के निर्देश पर इन चौराहों पर बोर्ड लगा दिए गए हैं। कॉरपोरेटर प्रमोद कपाही का कहना है कि भगवती नगर चौक का नाम बदलने और बाबा अमरनाथ की विशाल प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव नगर निगम के जनरल हाउस में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। भारत माता चौक व अटल जी चौक के नाम बदलने को लेकर कोई प्रस्ताव पारित नहीं हुआ है। नगर निगम के चीफ ट्रांसपोर्ट आफिसर तलत महमूद ने कहा कि फिलहाल भारत माता चौक व अटल जी चौक के बोर्ड लगा दिए गए हैं। इसके अलावा कुंजवानी चौक पर बाबा बंदा बहादुर की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव कॉरपोरेटर इंद्र सिंह सूदन ने लाया है।

कांग्रेस ने किया विरोध

विपक्ष के नेता और कांग्रेस के व्हिप द्वारका चौधरी ने कहा कि नगर निगम की जनरल हाउस की बैठक में लिए गए निर्णय को ही लागू किया जा सकता है। भाजपा मनमर्जी से शहर के चौराहों के नाम बदल रही है। इस बार जनरल हाउस की बैठक में कई चौराहों का नाम बदलने के संबंध में हाउस में फैसला लिया गया है, लेकिन जो नाम बदले गए हैं, उनके बारे में वहां कोई चर्चा नहीं हुई थी।