फिल्म अभिनेत्री नगमा ने पाकिस्तान को चेताया- सीमा पार से गोलीबारी बंद करे पाकिस्तान
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और फिल्म अभिनेत्री नगमा ने पाकिस्तान को चेताया कि वह अपना रवैया बदल गोलीबारी बंद करे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और फिल्म अभिनेत्री नगमा ने पाकिस्तान को चेताया कि वह अपना रवैया बदल गोलीबारी बंद करे। जम्मू पहुंची नगमा ने बातचीत करते हुए कहा कि गोलीबारी से जानमाल का नुकसान हो रहा है। पाकिस्तान को अपना रवैया बदलना होगा।
केंद्र व राज्य सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति व अमन का माहौल बनाने के लिए सरकारों को नीतियां बनानी होगी। प्रश्नों के जवाब में उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार के समय में आतंकवादी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। यह राजनीति का मौका नहीं है। अगर आप आंकड़े देखेंगे तो पता चलेगा कि कांग्रेस के समय में घटनाएं कम हुई थी।
आज तो हालात काफी खराब है। लोग मारे जा रहे है। जवान शहीद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह से विफल रही है। यही वही सरकार है जो कहती थी अगर वो एक मारेंगे तो हम उनके दस मारेंगे। उन्होंने कहा कि हिंसा करना पूरी तरह से गलत है। चाहे पत्थरबाज करे या कोई जीप से किसी को बांधे। जम्मू कश्मीर में चुनी हुई सरकार है और केंद्र में सरकार को जनादेश मिला है इसलिए हालात ठीक करना सरकारों की जिम्मेदारी है।
केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ महिला कांग्रेस का मौन मार्च
केंद्र व राज्य सरकार पर जम्मू कश्मीर में लोगों के जानमाल की रक्षा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस ने मौन मार्च निकाला। मार्च में शामिल होने के लिए विशेष रूप से पार्टी की महासचिव व जम्मू कश्मीर प्रभावी फिल्म अभिनेत्री नगमा पहुंचीं थी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय शहीदी चौक से मार्च शुरू हुआ जो विभिन्न बाजारों से होते हुए डिप्टी कमिश्नर कार्यालय जम्मू पहुंचा। डीसी के जरिए राज्यपाल एनएन वोहरा को ज्ञापन सौंपा गया। मार्च के बाद नगमा ने कहा कि मौजूदा पीडीपी-भाजपा और केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर में लोगों के जानमाल की रक्षा करने में नाकाम रही है। आतंकवादी घटनाओं में वृद्धि हो रही है। सीमा पार से पाकिस्तानी गोलीबारी से लोग मर रहे है, जवान शहीद हो रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए मांग की कि पिछले तीन वर्ष के कार्यकाल की जांच के लिए उच्च स्तरीय आयोग का गठन किया जाए। सरकार जवाबदेही आयोग को मजबूत करें। प्रदेश कांग्रेस की महिला विंग की प्रभारी इंदु पवार ने कहा कि पेट्रोल, डीजल समेत आवश्यक वस्तुओं के दाम में बढ़ोतरी हो गई है। किसान परेशान है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है।
किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। बेरोजगारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़े लिखे बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए नीति बनाई जाए।