आज से तीन दिन तक बारिश के आसार
जम्मू कश्मीर में फिर मौसम के मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार से शुक्रवार तक राज्य के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू कश्मीर में फिर मौसम के मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार बुधवार से शुक्रवार तक राज्य के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार और रविवार को मौसम शुष्क हो जाएगा।
मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने हिदायत दी है कि अगले तीन दिन तक लोग पहाड़ी इलाकों की ओर रूख न करें। 11 और 12 अप्रैल को मौसम शुष्क हो जाएगा। जबकि 13-14 अप्रैल को मौसम खराब होने की संभावना है। इस दौरान कारगिल जिले के जंस्कार इलाके में हल्की बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह जम्मू कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश या हिमपात नहीं होगा।
फिलहाल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुला हुआ है। कोरोना वायरस के संकट के चलते हाईवे पर आम नागरिकों के वाहनों के उतरने पर प्रतिबंध के कारण घाटी में आवश्यक सामग्री की आपूर्ति कर रहे कमर्शियल वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है। गत रविवार को भूस्खलन के बाद हाईवे करीब दस घंटे तक बंद रहा।
ट्रैफिक विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम बेहतर है। भूस्खलन का कोई डर नहीं है। बारिश शुरू होने पर हाईवे को बंद कर दिया जाएगा। इस बीच मंगलवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव के बाद हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई है।