विकास परियोजनाओं का नींव पत्थर रखने 15 को जम्मू आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
जम्मू में विभिन्न प्रोजेक्टों का नींव पत्थर रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जनवरी 2019 को जम्मू आ सकते हैं। जम्मू कश्मीर में दो एम्स बनने हैं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। जम्मू में विभिन्न प्रोजेक्टों का नींव पत्थर रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जनवरी 2019 को जम्मू आ सकते हैं। जम्मू कश्मीर में दो अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बनने हैं। उनका नींव पत्थर रखने के अलावा जम्मू अखनूर फोर लेन का शिलान्यास भी किया जाएगा।
राष्ट्रीय उच्चत्तर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत 10 मॉडल कॉलेज और जम्मू विश्वविद्यालय को रूसा के तहत मिली ग्रांट समेत अन्य विकास परियोजनाओं का नींव पत्थर रखेंगे। कार्यक्रम जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर ऑडिटोरियम में होगा।
सूत्र बताते है कि जम्मू विश्वविद्यालयके वीसी प्रो. मनोज धर की केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय में बैठक हुई। इसमें उन विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलरों को बुलाया था जिनको रूसा के तहत विशेष ग्रांट मिली है। जम्मू विवि के एक सौ करोड़ मंजूर हुए हैं जिसमें करीब तीस करोड़ की पहली किश्त राज्य सरकार को मिल चुकी है जो जल्द जम्मू विवि को सौंप दी जाएगी।
बैठक में यह बताया गया कि रूसा के तहत जम्मू कश्मीर में बनने वाले मॉडल कॉलेजों का उद्घाटन किया जाएगा। विश्वविद्यालय में होने वाले कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक तरीके से अन्य विकास परियोजनाओं का नींव पत्थर रखेंगे।
चूंकि प्रधानमंत्री के दौरे में अभी काफी समय है। जम्मू विश्वविद्यालय प्रबंधन कुछ कमेटियों का गठन करने जा रहा है ताकि तैयारियों की प्रक्रिया को शुरू किया जा सके। प्रधानमंत्री के जम्मू आने की संभावना तो पहले से जताई जा रही थी।