मॉडर्न हुआ मटका, ठंडक के साथ बढ़ी खूबसूरती
नई डिजाइन के यह मटके गुजरात के अहमदाबाद से बनकर जम्मू पहुंच रहे हैं। ये मटके इतने खूबसूरत हैं कि लोग बरबस इनकी ओर खिंचे चले जा रहे हैं और उन्हें खरीदकर अपने घर ले जा रहे हैं।
बिश्नाह, सतीश शर्मा। डिजिटल इंडिया में सबकुछ मॉडर्न हो गया है। अब तो मिट्टी के बर्तनों पर भी आधुनिकता का रंग चढऩे लगा है। कुछ साल पहले तक जिस मिट्टी के मटके लोग घरों में रखने से परहेज करते थे, अब वह डाइनिंग हॉल की शोभा बढ़ाने के साथ ही अपने शीतल जल से लोगों का गला ठंडा कर रहा है। डिजाइनदार इन मटकों में टोंटी भी लगी हैं, जिससे पानी आसानी से निकाला जा सकता है। यही कारण है कि अब अमीर वर्ग के लोग भी गरीबों का फ्रिज कहलाने वाले मटके को डाइनिंग हॉल में सजाने लगे हैं। इससे उनकी प्यास भी बुझ रही और घर आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनता है। देखने में आकर्षक और पानी की शुद्धता को बरकरार रखने में सक्षम इस मटके को मध्यप्रदेश से आए कारीगर तैयार कर रहे हैं।
नई डिजाइन के यह मटके गुजरात के अहमदाबाद से बनकर जम्मू पहुंच रहे हैं। ये मटके इतने खूबसूरत हैं कि लोग बरबस इनकी ओर खिंचे चले जा रहे हैं और उन्हें खरीदकर अपने घर ले जा रहे हैं। 10-15 लीटर क्षमता के इन मटकों की कीमत बाजार में 500 से 600 रुपये तक है। हालांकि विगत वर्षो में इन देसी मटकों व सुराहियों की मांग काफी कम हो गई थी।
दूर-दूर से मटका खरीदने आ रहे लोग
गर्मी का सीजन आते ही फ्रीज की बिक्री तेज हो जाती थी। वहीं, जिनकी पहुंच से फ्रिज दूर होता था, सिर्फ उन्हीं के लिए ही मटका सहारा था। बिश्नाह के छन्नी रामा में खेमराज शर्मा की दुकान में है। जागरण से बात करते हुए खेमराज ने बताया कि हमारी दुकान मिट्टी के बर्तन बेचने वालों के लिए काफी मशहूर मानी जाती है। दूर-दूर से लोग यहां मटके व अन्य मिट्टी के बर्तन खरीदने हमारे पास आते हैं। सत्यम शर्मा ने बताया कि मटके के पानी पीने के कई फायदे भी हैं। वैज्ञानिक तौर पर भी देखा जाए तो मिट्टी से बने बर्तन का पानी कई प्रकार की बीमारियों को नष्ट कर देता है और पानी ठंडा भी मिलता है। इसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं है। इसलिए लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। पहले ज्यादातर मटके साधारण ही दिखते थे।
दो-तीन साइज में उपलब्ध हैं ये डिजानर मटके
दो-तीन साइज में उपलब्ध यह मटके हम ग्राहकों को 500 से 600 रुपये तक की कीमत में बेच देते हैं। अभी तक इस सीजन में एक हजार से अधिक मटकों की बिक्री हमारी दुकान से हो चुकी है। जो लोग मटके का पानी पीते हैं, वे अभी तक मटके का ही इस्तेमाल करते हैं, फ्रिज का इस्तेमाल नहीं करते। क्योंकि इसके कई फायदे हैं।
सेहत के लिए फायदेमंद
डॉ. सागर आनंद के अनुसार घड़े का पानी स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। पाचन की क्रिया भी ठीक रहती है। शरीर में विषैले तत्वों को दूर करता है। मिट्टी के क्षारीय तत्व और पानी के तत्व मिलकर शरीर में किसी भी तरह की हानि से बचाते हैं। फ्रिज का ठंडा पानी कई बीमारियों को न्योता देता है। इसलिए फ्रिज के बजाय मिट्टी के मटके का पानी इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए ज्यादा लाभदायक है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप