जम्मू-कश्मीर में मिशन युवा ने पकड़ी रफ्तार! 37% बढ़े आवेदन, ₹1,992 करोड़ का लोन मंजूर; महिला आवेदनों में 76% उछाल
जम्मू-कश्मीर में मिशन युवा ने युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें आवेदनों और महिला भागीदारी ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में Mission Yuva के आवेदन 37% बढ़े। (फाइल फोटो)
HighLights
आवेदनों में 39% और महिला भागीदारी में 76% की वृद्धि।
1826 करोड़ रुपये के ऋण वितरित, 13597 नए उद्यम स्थापित।
9266 डिजिटल स्टोर ONDC पर, ग्रामीण युवाओं को सीधा लाभ।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने और उन्हें रोजगार सृजनकर्ता बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन युवा ने अपनी गतिविधियों में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की है। मुख्य सचिव अटल डुल्लू की अध्यक्षता में मिशन युवा की शीर्ष समिति की बैठक में मई 2026 में हुई पिछली समीक्षा के बाद की प्रगति का जायजा लिया गया।
बैठक में मिशन के चार प्रमुख आयामों संस्कृति, पूंजी, क्षमता और डिजिटल कॉमर्स एवं बाजार तक पहुंच के लिए संपर्क के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की गई। सभी जिलों के उपायुक्तों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि मिशन की बढ़ती आवेदन संख्या को व्यवहार्य और टिकाऊ उद्यमों, रोजगार के अवसरों तथा युवाओं के दीर्घकालिक आर्थिक सशक्तीकरण में बदलने के लिए विभागों, वित्तीय संस्थानों, प्रशिक्षण संस्थानों और जमीनी स्तर के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, प्रशिक्षण एवं परामर्श व्यवस्था मजबूत करने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और सेवाओं के लिए बाजार का विस्तार करने पर जोर दिया। कौशल विकास विभाग के सचिव कुमार राजीव रंजन ने मिशन की ताजा उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन महीनों में प्रतिदिन मिलने वाले आवेदनों की औसत संख्या में 39 प्रतिशत वृद्धि हुई है। यह संख्या 280 से बढ़कर 390 आवेदन प्रतिदिन हो गई है।
महिला भागीदारी में भी वृद्धि
महिला भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। महिला नेतृत्व वाले आवेदन 76 प्रतिशत बढ़कर 91 से 160 प्रतिदिन हो गए हैं। इनमें 78 प्रतिशत आवेदन स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के माध्यम से आ रहे हैं। इसके चलते कुल आवेदनों में महिलाओं की हिस्सेदारी 27 प्रतिशत से बढ़कर 31 प्रतिशत हो गई है।
मिशन की युवा जागृति 5.0 जन-जागरूकता मुहिम अब तक 88300 लोगों तक पहुंच चुकी है, जो पिछली शीर्ष समिति की समीक्षा के मुकाबले 42 प्रतिशत अधिक है। वहीं 15 अगस्त 2026 से शुरू हुए बिजनेस हैकाथॉन के माध्यम से 255 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 18000 विद्यार्थियों तक पहुंच बनाई जा चुकी है और अब तक 1300 से अधिक कारोबारी विचार सामने आए हैं। यह अभियान 16 सितंबर तक जारी रहेगा।
मिशन के तहत कुल आवेदन संख्या 15 मई के 104067 से बढ़कर 7 सितंबर 2026 तक 142196 हो गई है, जो 37 प्रतिशत वृद्धि है। एसबीडीयू सत्यापन 34 प्रतिशत बढ़कर 80965, जबकि डीएलआईसी अनुमोदन 39 प्रतिशत बढ़कर 75791 हो गए हैं।
1,992 करोड़ रुपये के ऋण किए मंजूर
ऋण स्वीकृति में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब तक 37171 खातों में 1992 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं 32665 खातों में 1,826 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। दोनों मामलों में मई के बाद 53 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में बैंक हर महीने करीब 2800 आवेदनों पर कार्रवाई कर रहे हैं। अंतिम ऋण स्वीकृति दर जुलाई के 23 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 40 प्रतिशत हो गई है, जिससे वित्तीय प्रक्रिया में सुधार का संकेत मिलता है।
वित्तीय सहायता के परिणामस्वरूप जम्मू-कश्मीर में अब तक 13597 नए उद्यम पूरी तरह संचालित हो चुके हैं। मई के बाद इनमें 58 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके अलावा 6777 उद्यम फिलहाल कार्य प्रगति चरण में हैं और डब्ल्यूआईपी रिपोर्ट जमा करने में भी 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
डिजिटल बाजार में जम्मू-कश्मीर की बड़ी छलांग
क्षमता निर्माण और बिजनेस मेंटरशिप के क्षेत्र में भी तेजी आई है। अब तक 36474 विद्यार्थियों व उद्यमियों का प्रशिक्षण एवं प्रमाणन पूरा हो चुका है, जो पिछली समीक्षा के मुकाबले 73 प्रतिशत अधिक है। डिजिटल बाजार से जुड़ाव में भी मिशन ने बड़ी छलांग लगाई है।
ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स पर जम्मू-कश्मीर के व्यापारियों के 9266 डिजिटल स्टोर जुड़ चुके हैं, जो मई के मुकाबले 329 प्रतिशत की वृद्धि है। इनमें 2067 मिशन युवा यूथ स्टोर शामिल हैं, जिनके जरिए खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के युवा उद्यमियों को राष्ट्रीय डिजिटल बाजार तक सीधी पहुंच मिल रही है।
