जम्मू में 15 साल का इशान रहस्यमय तरीके से गायब; बाइक की जिद के बाद घर से निकला था, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
जम्मू के पौनीचक्क से 15 वर्षीय इशान बाइक की जिद के बाद लापता हो गया है। परिवार ने पुलिस में ...और पढ़ें

जम्मू में कई दिन से लापता 16 साल का इशान।
HighLights
जम्मू के पौनीचक्क से 15 वर्षीय इशान लापता।
बाइक की जिद के बाद घर से निकला किशोर।
परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, मदद की गुहार।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू के दोमाना इलाके के पौनीचक्क से 15 से 16 साल का किशोर इशान पिछले कई दिनों से लापता है। बेटे के अचानक गायब होने से परिवार परेशान है और उसकी तलाश कर रहा है। परिजनों के अनुसार, इशान कुछ समय से बाइक लेने की जिद कर रहा था।
वह दोमाना के पौनीचक्क इलाके का रहने वाला है और पिछले कई दिनों से लापता है। उसके अचानक गायब होने से परिवार के लोग परेशान हैं।
इशान के पिता अरुण कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को इशान कहीं दिखाई दे, तो तुरंत परिवार को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।
बाइक लेने की जिद कर रहा था
परिजनों के अनुसार, इशान कुछ समय से बाइक लेने की जिद कर रहा था। पिता ने उसे समझाया था कि अभी उसकी उम्र 18 वर्ष नहीं हुई है और वह कानूनी रूप से निर्धारित उम्र पूरी करने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही बाइक चला सकेगा। परिवार ने उसे भरोसा दिया था कि उचित उम्र होने पर बाइक दिलाने पर विचार किया जाएगा।
परिवार को लगा चाचा के घर गया, पर नहीं लौटा
अरुण कुमार ने बताया कि इशान बीते शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे साइकिल लेकर घर से निकला था। परिवार को लगा कि वह अपने चाचा के घर बागे बाहू गया होगा और अगले दिन वापस आ जाएगा, लेकिन उसके नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई।
गोरखा नगर इलाके में घूमते देखा गया
परिजनों के मुताबिक, शनिवार और रविवार को कुछ लोगों ने उसे गोरखा नगर इलाके में घूमते हुए देखने की बात कही थी। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन इशान का पता नहीं चल पाया।
परिजनों ने पुलिस को भी शिकायत दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इशान पालीटेक्निक कालेज के प्रथम वर्ष का छात्र है। इशान के पास काले रंग की साइकिल है।
