केंद्रीय परिवहन मंत्री और एनएचएआइ पर फूटा गुस्सा
संवाद सहयोगी विजयपुर राया सुचानी और बड़ोई से जम्मू तक मिनी बस चलाने वाले चालकों ने सोमवा
संवाद सहयोगी, विजयपुर: राया, सुचानी और बड़ोई से जम्मू तक मिनी बस चलाने वाले चालकों ने सोमवार को राया मोड़ पर केंद्रीय परिवहन मंत्री और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित पटली मोड़ पर टोल प्लाजा खोलने का विरोध किया।
मिनी बस यूनियन की स्थानीय इकाई के इंचार्ज रघुवीर सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में बस चालक एकत्र हुए और प्रदर्शन शुरू किया। इस मौके पर लोगों ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रघुबीर सिंह ने कहा पटली मोड़ पर केंद्र सरकार ने टोल प्लाजा खोलकर जम्मू के लोगों की जेब ढीली करने का काम किया है। इस टोल प्लाजा की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि 2013 में भाजपा ने यहां टोल प्लाजा खोलने का विरोध किया था, लेकिन वही पार्टी यहां टोल प्लाजा खोल रही है। अब जबकि इसके खिलाफ आम जनता और राजनीतिक व सामाजिक संगठन विरोध कर रहे हैं तो भाजपा कुछ नहीं बोल रही है। गुज्जर समुदाय के दूधिये भी प्रदर्शन में शामिल हुए
सोमवार को राया मोड़ पर हुए मिनी बस चालकों प्रदर्शन में बड़ी संख्या में गुज्जर समुदाय के लोग भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पटली मोड़ पर बेवजह टोल प्लाजा खोलकर उनको भी परेशान किया है। गुज्जरों का कहना था कि वे दूध लेकर जम्मू की तरफ जाते हैं। टोल प्लाजा जब से खुला है सड़क पर जाम लग रहा है। इससे वे कई घंटे जाम में फंसे रहते हैं। इसकी वजह से दूध खराब हो जाता है। इससे उनको भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने राया सुचानी, बड़ोई के प्रदर्शन कर रहे चालकों के साथ केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि इस टोल प्लाजा को नहीं हटाया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे, जिसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार होगी।