Militancy in Kashmir: श्रीनगर में आतंकवादियों ने दुकान में जाकर सुनार को गोली मारी, TRF ने ली जिम्मेवारी
Militancy in Kashmir सीआरपीएफ की 89 बटालियन का जवान घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निकट के अस्पताल में ले जाया गया। वहीं इस क्षेत्र को भी सुरक्षाबलों ने घेर तलाशी अभियान चलाया है। मगर दोनों ही घटनाओं को अंजाम देने वाले आतंकवादी फरार हो गए हैं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: नववर्ष की पूर्व संध्या पर कश्मीर में आतंकवादियों ने दो घटनाओं को अंजाम दिया। एक में सुनार का काम करने वाले निश्चल ज्वैलर के मालिक की गोली मार हत्या कर दी। वहीं दूसरे हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान को घायल कर दिया। दोनों ही इलाकों में देर रात से शुरू हुआ तलाशी अभियान आज सुबह तक भी जारी है। वहीं आतंकी संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ज्वैलर की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
ये दोनों ही घटनाएं गत वीरवार देर शाम की हैं। श्रीनगर के सराय बाला क्षेत्र में निश्चल ज्वैलर के मालिक सतपाल निश्चल को आतंकवादियों ने उसकी ही दुकान में जाकर गोली मारी। इससे वह खून से लथपथ होकर वहीं पर गिर पड़ा। घायल को उसयी समय श्री महाराजा हरि सिंह अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित किया। अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. नजीर चौधरी के अनुसार जब तक ज्वैलर को अस्पताल में लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं जैसे ही क्षेत्र में गोली चलने की घटना के बारे में पुलिस व अन्य सुरक्षाबलों को सूचना मिली, तुरंत सभी ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। कल रात से जारी तलाशी अभियान आज सुबह भी जारी रहा परंतु अभी तक किसी आतंकी का पता नहीं चल पाया है।
वहीं दूसरी घटना दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के संगम क्षेत्र में हुई। आतंकवादियों ने ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर गोलीबारी की। इससे सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की। इसमें सीआरपीएफ की 89 बटालियन का जवान घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निकट के अस्पताल में ले जाया गया। वहीं इस क्षेत्र को भी सुरक्षाबलों ने घेर तलाशी अभियान चलाया है। मगर दोनों ही घटनाओं को अंजाम देने वाले आतंकवादी फरार हो गए हैं।