जम्मू में आधार बनाने में जुटीं महबूबा, पीडीपी के संदेश को घर- घर तक पहुंचाया जाए
पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने राज्य की बेहतरी के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को जम्मू में भी सशक्त बनाने पर जोर दिया है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने राज्य की बेहतरी के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को जम्मू में भी सशक्त बनाने पर जोर दिया है। वह बुधवार को जम्मू में उनसे मिलने पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी गतिविधियों को तेजी देने मिलने पहुंचे कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए। इस समय राज्य में पंचायत, स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में पीडीपी भाजपा के साथ सरकार टूटने के बाद सतह पर आई अंतर्कलह पर काबू पाकर चुनावी लक्ष्य हासिल करने की कोशिश कर रही है। इन हालात में सरकार टूटने के बाद पहली बार जम्मू आई महबूबा ने स्पष्ट संदेश दिया था कि वह अब कुछ दिन जम्मू में है।
पार्टी कार्यकर्ता उनसे मिलने आ सकते हैं। ऐसे हालात में कार्यकर्ताओं के कई प्रतिनिधमंडलों ने महूबबा से भेंट कर पार्टी की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। ऐसे हालात में पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जम्मू में कार्यक्रम में हिस्सा लेने महबूबा मंगलवार सुबह जम्मू पहुंची थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीपी के संदेश को घर- घर तक पहुंचाया जाए। पीडीपी जम्मू कश्मीर का आर्थिक व राजनीतिक स्तर पर विश्वास चाहती है। ऐसे में जनआकांक्षाएं पूरी कर राज्य को बेहतर बनाने की पार्टी की मुहिम को कामयाब बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरा जोर लगाएं। मुख्य संयोजक चौधरी हमीद की देखरेख में मिले प्रतिनिधमंडलों ने आभार जताया कि पीडीपी प्रधान ने कुर्सी की खातिर जनआकांक्षाओं को दांव पर नहीं लगाया। ऐसे में जम्मू कश्मीर के हितों का संरक्षण उनकी प्राथमिकता रही।
उन्होंने कहा कि हाल ही में राजनीतिक घटनाक्रम से यह पता चल गया है कि कौन दोस्त है और कौन दुश्मन। राज्य के हालात बिगाड़ने की कोशिशें कर रही सांप्रदायिक ताकतों का सामना करने के लिए पार्टी नेताओं का सशक्त होना जारी है। इस दौरान लोकतंत्र, न्याय के प्रति लोगों के विश्वास को मजबूत बनाने पर भी बल दिया गया। लोगों के मसले व उन्हें दूर करने के लिए पार्टी स्तर पर उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा हुई।