Mata Vaishno Devi : मां वैष्णो देवी के मुख्य पुजारी अमीरचंद का निधन, उपराज्यपाल ने भी जताया दुख
अमीरचंद पुजारी तीन-चार दिन पहले ही मां वैष्णो देवी के भवन पर मां वैष्णो देवी की दिव्य आरती करने के उपरांत कटड़ा स्थित अपने निवास स्थान लौटे थे। अमीरचंद पुजारी अपने पीछे अपनी पत्नी कैलाशी देवी बेटा लोकेश पुजारी नरेश पुजारी के साथ ही भरा पूरा परिवार छोड़ गए।
कटड़ा, संवाद सहयोगी : मां वैष्णो देवी के मुख्य पुजारी अमीरचंद नहीं रहे। आज शनिवार सुबह करीब 8:00 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक अमीरचंद पुजारी अपनी दिनचर्या के मुताबिक सुबह करीब 5:00 बजे उठे और सुबह पूजा अर्चना करते समय अचानक से उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजनों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के नारायण अस्पताल पहुंचाया। जांच करने के बाद डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी माता वैष्णो देवी के मुख्य पुजारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में लिखा कि माता वैष्णो देवी जी के प्रमुख पुजारी श्री अमीरचंद जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। शोकाकुल परिवार व उनके अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना। ईश्वर से प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
माता वैष्णो देवी जी के प्रमुख पुजारी,श्री अमीर चंद जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। शोकाकुल परिवार व उनके अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना। ईश्वर से प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति— Manoj Sinha (@manojsinha_) May 21, 2022
85 वर्षीय अमीरचंद पुजारी तीन-चार दिन पहले ही मां वैष्णो देवी के भवन पर मां वैष्णो देवी की दिव्य आरती करने के उपरांत कटड़ा स्थित अपने निवास स्थान लौटे थे। अमीरचंद पुजारी अपने पीछे अपनी पत्नी कैलाशी देवी बेटा लोकेश पुजारी, नरेश पुजारी के साथ ही भरा पूरा परिवार छोड़ गए। अमीरचंद जी के निधन का समाचार मिलते ही कटड़ा में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी, उनके घर पहुंच गए। परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की। आज शनिवार शाम 4:00 बजे कटड़ा के श्मशान घाट पर अमीरचंद पुजारी जी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आज थी पौत्री की सगाई : अमीरचंद पुजारी वैष्णो देवी भवन से अपने घर पौत्री की सगाई में शामिल होने के लिए आए थे। उनकी पौत्री पूर्वा पुत्री लोकेश पुजारी की आज शनिवार को सगाई होना तय हुआ था। उसी समारोह में शामिल होने के लिए वह घर आए थे। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी परंतु मां वैष्णो देवी को कुछ और ही मंजूर था। मां वैष्णो देवी ने अमीरचंद पुजारी जी को अपने चरणों में समा लिया।
बाबा श्रीधर के वंशज हैं अमीर चंद पुजारी : मां वैष्णो देवी की पौराणिक कथा के अनुसार मां वैष्णो देवी के अनन्य भक्त बाबा श्रीधर को मां वैष्णो देवी के प्रथम पड़ाव गांव हसाली के पास भूमिका मंदिर में बाबा श्रीधर को मां वैष्णो देवी ने कन्या के रूप में दर्शन दिए थे। मां ने यह वरदान दिया था कि बाबा श्रीधर के वंशज ही उनकी पूजा-अर्चना करेंगे। तभी से ही बाबा श्रीधर के वंशज मां वैष्णो देवी की पूजा अर्चना सदियों से निरंतर करते आ रहे हैं। अमीरचंद पुजारी जी बाबा श्रीधर के वंशज हैं। मां वैष्णो देवी की पूजा अर्चना अमीरचंद जी के परिवार के सदस्य ही कर रहे हैं। अमीरचंद पुजारी के निधन का समाचार सुनते ही कटड़ा के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान उनके सम्मान में बंद हो गए हैं।