Move to Jagran APP

सीमा पर छठे दिन भी हो रही है गोलाबारी, सीमांत क्षेत्रों से पलायन जारी

जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर नियंत्रण रेखा तक पाकिस्तान की गोलाबारी छठे दिन भी जारी है।

By Preeti jhaEdited By: Published: Mon, 22 Jan 2018 12:58 PM (IST)Updated: Mon, 22 Jan 2018 03:04 PM (IST)
सीमा पर छठे दिन भी हो रही है गोलाबारी, सीमांत क्षेत्रों से पलायन जारी
सीमा पर छठे दिन भी हो रही है गोलाबारी, सीमांत क्षेत्रों से पलायन जारी

जम्मू, [जेएनएन ]। जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर नियंत्रण रेखा तक पाकिस्तान की गोलाबारी छठे दिन भी जारी है। जिसमे सीमा सुरक्षा बल का एक जवान आज घायल हो गया है । सीमांत क्षेत्रों से लोगों के पलायन जारी है । अब तक छह दिन में पाकिस्तान द्वारा की जा रही गोलाबारी से पांच जवानों सहित तेरह लोगों की मौत हो चुकी है। 

prime article banner

लगातार चार दिन से थर्रा रही अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर रविवार को 21 घंटे शांति रहने के बाद रात को एक साथ जम्मू में कई सेक्टरों में पाकिस्तान ने फिर गोलाबारी शुरू कर दी। अखनूर के कानाचक्क में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि एक सीमा प्रहरी समेत चार लोग घायल हो गए। रात होते ही अरनिया के अलावा परगवाल में भी सीमा से भारी गोलाबारी की गई। जबकि राजौरी और पुंछ में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भी दुश्मन गोले बरसा रहा है। भारतीय जवान दुश्मन का माकूल जवाब दे रहे हैं। उधर, पुंछ के मनकोट सेक्टर में शनिवार को गोलाबारी में घायल सेना के जवान ने रविवार को सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके साथ ही चार दिन की गोलाबारी में शहीदों की संख्या पांच हो गई है। इनमें दो बीएसएफ और तीन सेना के जवान हैं। रविवार को राजौरी सेक्टर में एलओसी पर पाक ने गोलाबारी जारी रखी। भारतीय सेना ने पाक सेना को मुंह तोड़ जवाब दिया। शाम को उपजिला नौशहरा के कलाल, झंगड़, कलसियां, भवानी लाम सेक्टर में पाक ने भारतीय सैन्य चौकियों के साथ रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाया। पाक सेना भारतीय क्षेत्र में मोर्टार शेल दाग रही है। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में सीमा पार काफी नुकसान होने की सूचना है। इसके बाद रात 11 बजे पुंछ के शाहपुर और किरनी सेक्टर में पाक ने गोले बरसाए।

वहीं जम्मू में 200 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चार दिन की भारी गोलाबारी के बाद दिन में 21 घंटे शांत रहने के बाद पाकिस्तान रेंजर्स ने रात साढ़े आठ बजे फिर गोलाबारी शुरू कर दी। कानाचक्क में पाक से दागा मोर्टार का गोला गिरने से गोपाल बाबा व उनके भाई राम बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल जम्मू लाया गया। जहां 45 वर्षीय गोपाल बाबा की मौत हो गई। इसके अलावा एक महिला चंपा देवी भी गोले की चपेट में आकर जख्मी हो गई। आरएसपुरा के कपूरपुर में रात को गोले गिरने से सीमा सुरक्षा बल का जवान देवराज मुरमुर व क्षेत्र के निवासी सई दास घायल हो गए। रात साढ़े दस बजे अरनिया में भी पाक ने गोलाबारी शुरू कर दी है। निकोवाल और बुधवार पोस्ट पर पाक रेंजर्स ने भारी गोलाबारी की। चार दिन में अस्सी हजार लोग पलायन कर चुके हैं। इनमें 36 हजार खाली जम्मू जिले के अरनिया व सुचेतगढ़ के हैं। अभी भी हजारों लोग सीमा पर घरों में दुबक कर दिन गुजार रहे हैं। सीमा सुरक्षा बल ने सीमांत क्षेत्रों के लोगों को कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। आइबी पर चार दिन की गोलाबारी में पांच सुरक्षा कर्मियों समेत 12 लोगों की मौत हुई है। पचास से अधिक लोग घायल हैं। इनमें से 31 का जम्मू के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जम्मू संभाग के कठुआ, सांबा व जम्मू जिलों के 120 गांवों से अधिक में सन्नाटा पसरा रहा। रिश्तेदारों के घरों, तीन कैंपों व तीन सौ सुरक्षित स्थानों पर शरण लिए हजारों लोग सहमे हैं। जम्मू जिले के अखनूर के कानाचक्क ने निवासी अमरनदीप ने जागरण को बताया कि शनिवार को गांव में गोले गिरने के बाद महिलाओं, बच्चों को रिश्तेदारों के घरों में भेज दिया था। पुरुष अभी भी घरों में ही हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा जम्मू संभाग के पांच जिलों में पाकिस्तान गोलाबारी से लोगों को हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए राज्य प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं।

राहत देने के अभियान में तेजी लाएं : डिप्टी सीएम उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने प्रभावित जिलों की डिप्टी कमिश्नरों से मौजूदा हालात के बारे में जानकारी लेकर लोगों को राहत देने के अभियान में तेजी लाने के लिए कहा। शहीदों के पार्थिव शरीर घर भेजे गएपुंछ के मेंढर इलाके में शहादत पाने वाले सेना के सिग्नलमैन चंदन कुमार राय पांचवें वीर हैं जो सीमा की रक्षा करते देश पर कुर्बान हुए। सेना ने तिरंगे में लिपटे तीन शहीदों सिपाही एस अब्राहम, सिपाही मनदीप सिंह व सिग्नलमैन चंदन कुमार राय को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद उनके पार्थिव शरीर सैन्य सम्मान पूर्वक घरों की ओर भेज दिए। शनिवार को पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में सिग्नल मैन चंदन कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उसी समय जवान को उपचार के लिए सेना के 150 जनरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रविवार सुबह उपचार के दौरान चंदन कुमार ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को शहीद के निवास क्षेत्र गांव नदेसर जिला चंदौली, उत्तर प्रदेश के लिए रवाना कर दिया गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.