जम्मू, जागरण डिजिटल डेस्क। आज बुधवार को केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया। जम्मू-कश्मीर के लिए केंद्रीय बजट में 35581 करोड़ और लद्दाख के लिए 5958 करोड़ आवंटित किए गए हैं। बजट में जम्मू-कश्मीर पर विशेष ध्यान देने के लिए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमृत काल के पहले बजट के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश तेज, टिकाऊ और अधिक समावेशी विकास पथ पर है। उन्होंने कहा कि इस बजट से विकास के नए आयाम लिखे जाएंगे।

यह भी पढ़ें Budget 2023: आम चुनाव से पहले सरकार की महिलाओं, बुजुर्गों, करदाताओं को बड़ी सौगात, जानें किसको क्या मिला?

बजट से होगा देश का समावेशी विकास

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि यह बजट समान और समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के मील के पत्थर को हासिल होगा। भारत को एक वैश्विक शक्ति में बदलने में सहायक होगा। इस बजट में अमृत ​​काल के लिए विजन, युवाओं पर फोकस, विकास और रोजगार सृजन, मजबूत और स्थिर मैक्रो-इकोनॉमिक वातावरण और किसानों की समस्या का समाधान किया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि इस बजट में महिलाओं, हाशिए पर रहने वाले वर्गों, मध्यम वर्ग और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर फोकस किया गया है।

यह भी पढ़ें Budget 2023 New Tax Slab: 5, 10 और 15 लाख कमाने वालों को अब कितना देना होगा इनकम टैक्स? ये है पूरा कैलकुलेशन

अर्थव्यवस्था होगी मजबूत

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि इस बजट से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। रोजगार सृजन, हरित विकास, कृषि त्वरक कोष, पशुपालन के लिए लक्षित धन और आत्मनिर्भर भारत के सपने को ये बजट पूरा करेगा। निवेश में वृद्धि से अर्थव्यवस्था पर कई गुना प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने कहा, "आम आदमी का तेजी से विकास और कल्याण बजट 2023-24 के केंद्र में है। पीएम विकास के माध्यम से हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र में विकास की गति को तेज करने के लिए निर्मला सीतारमण जी और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद। इससे जम्मू-कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश के लाखों कारीगरों को बहुत लाभ होगा।"

Edited By: Swati Singh