Jammu Kashmir: उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने कहा- लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में कश्मीरी पंडित सरपंच अजय पंडिता की आतंकियों द्वारा हत्या किए जाने के बाद प्रदेश में आरोप-प्रत्यारोपों की सियासत गरमाने लगी है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में सरपंच अजय पंडिता भारती की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान उपराज्यपाल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन चरण सेठी के निधन पर भी गहरा दुख जताया।
मुर्मू ने सरपंच की हत्या को कायराना कार्रवाई करार देते हुए कहा कि हत्या करवाने वालों ने अपने अमानवीय होने का सुबूत दिया है। किसी जनप्रतिनिधि पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला होता है। उन्होंने प्रशासन को हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपराज्यपाल ने जारी संदेश में दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने के साथ शोक संतप्त परिवार से सांत्वना भी जताई। इसके साथ ही अर्जुन चरण सेठी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके योगदान व देश सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।
कांग्रेस ने उठाई जांच की मांगः दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में कश्मीरी पंडित सरपंच अजय पंडिता की आतंकियों द्वारा हत्या किए जाने के बाद प्रदेश में आरोप-प्रत्यारोपों की सियासत गरमाने लगी है। प्रदेश कांग्रेस व पंचायत प्रतिनिधियों ने कश्मीर में सरपंचों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस जांच की मांग कर रही है। अजय पंडिता कांग्रेस से जुड़े थे। प्रदेश कांग्रेस ने अजय पंडिता की हत्या के लिए सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। इस संबंध में मंगलवार को जम्मू में प्रदेश कांग्रेस की बैठक में पूर्व मंत्री रमण भल्ला, मुख्य प्रवक्ता र¨वद्र शर्मा, योगेश साहनी ने कहा कि भाजपा पंडितों की घाटी वापसी के खोखले दावे कर रही है।
सुरक्षा का उठाया था मुद्दाः जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस की बैठक में प्रधान अनिल शर्मा ने कहा कि अगर पंचायत प्रतिनिधियों को सुरक्षा दी गई होती तो अजय पंडिता समेत कई पंचों, सरपंचों की जान बच जाती। पूर्व एडीजीपी मुनीर खान से सुरक्षा का मुद्दा उठाया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उपराज्यपाल प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।