PM मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख में LG युवा इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू, 2 हजार युवाओं को मिलेगा सरकारी अनुभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख में एलजी युवा इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें 2,000 युवाओं को सरकारी कामकाज का अनुभव मिलेगा।
-1789664009765_m.webp)
PM मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख में LG युवा इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू। फोटो जागरण
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख में इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू।
2,000 युवाओं को सरकारी कामकाज का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा।
तीन महीने की इंटर्नशिप में 5,000 रुपये मासिक मानदेय।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लद्दाख में युवाओं को सरकारी कामकाज का अनुभव देने के लिए एलजी युवा इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू हो गया। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने वीरवार को लेह में इस इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इंटर्नशिप कार्यक्रम से लद्दाख के विभिन्न जिलों के 2000 युवाओं को प्रदेश के 25 सरकारी विभागों में तीन महीनों की इंटर्नशिप करवाई जाएगी।
इंटर्नशिप के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को हर महीने 5000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शासन व्यवस्था से जोड़ना और उन्हें लद्दाख के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है। इंटर्नशिप करने वाले युवाओं को शासन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कार्य व जनसेवा की प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा।
यह तीन महीने उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए भी बहुत अहम होंगे। विभिन्न विभागों में प्रशिक्षण लेने के बाद युवा सरकारी विभागों में शामिल होकर जनसेवा करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे।
युवाओं को एक साझा मंच पर जोड़ना
इंटर्नशिप कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर लद्दाख के कारगिल, चांगथांग, शाम, नुब्रा, द्रास व जंस्कार जिलों समेत विभिन्न हिस्सों से चयनित युवाओं ने आनलाइन ओरिएंटेशन में हिस्सा लिया। उपराज्यपाल का कहना है कि इस पहल का मकसद केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को एक साझा मंच पर जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं से इंटर्नशिप को केवल तीन महीने का कार्यकाल या प्रमाणपत्र हासिल करने के अवसर के रूप में न देखें। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए सीखने, अनुभव हासिल करने, जमीनी चुनौतियों को समझने व जनसेवा में योगदान देने का मंच है।
सरकारी सेवाओं की डिलीवरी की प्रक्रिया को समझने का अवसर
उपराज्यपाल ने कहा कि युवा केवल विकास योजनाओं के लाभार्थी नहीं हैं, अपितु उन्हें विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए। इंटर्न को विभिन्न सरकारी विभागों के साथ काम करते हुए नीति निर्माण, योजनाओं के क्रियान्वयन व सरकारी सेवाओं की डिलीवरी की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने युवाओं से लद्दाख के जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने व उनके लिए व्यावहारिक एवं नए समाधान सुझाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन भी युवाओं के नए विचारों, रचनात्मकता और नवाचार से लाभान्वित होगा।
कार्यक्रम की अवधि तीन महीने निर्धारित की गई है। लेकिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इंटर्न की इंटर्नशिप को अतिरिक्त तीन महीने तक बढ़ाया जा सकता है। इंटर्नशिप पूरी करने पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। यह उनके शैक्षणिक व पेशेवर प्रोफाइल को मजबूत करने व भविष्य के रोजगार अवसरों में सहायक हो सकते हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर किया गया है। उन्होंने लद्दाख की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं की शक्ति व विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रधानमंत्री के जोर का उल्लेख किया।
उन्होंने युवाओं से सेवा, सीखने और जिम्मेदारी की भावना के साथ इंटर्नशिप पूरी करने का आह्वान किया और कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्राप्त ज्ञान व अनुभव का उपयोग समाज को सशक्त बनाने में किया जाना चाहिए।
