Jammu Kashmir: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री को दी श्रद्धांजलि
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी है। अपने संदेश में उपराज्यपाल ने कहा हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 153वीं जयंती के अवसर पर मैं अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी है। अपने संदेश में, उपराज्यपाल ने कहा हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 153वीं जयंती के अवसर पर मैं अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। गांधीजी के सत्य, अहिंसा, समानता, आपसी सम्मान, भाईचारे और सद्भाव के आदर्श दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि गांधी जयंती का अवसर हम सभी के लिए चिंतन का क्षण है कि हम सभी के लिए समानता और न्याय के साथ एक शांतिपूर्ण और सामंजस्यपूर्ण समाज की स्थापना के लिए खुद को फिर से समर्पित करें। उपराज्यपाल ने कहा कि समाज के दलित, वंचित और उत्पीड़ित वर्गों के लिए महात्मा गांधी के आजीवन अभियान और सांप्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उनके अथक प्रयास ने हमें एक नागरिक केंद्रित शासन स्थापित करने के लिए निर्देशित किया है जो सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय को बढ़ावा देता है और सुनिश्चित करता है सभी की भलाई हो।
उपराज्यपाल ने लोगों से स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए गांधीजी के विचारों और कार्यों से ज्ञान ग्रहण करने का आग्रह किया। उपराज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री काे भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज भी शास्त्री जी के जय जवान, जय किसान का नारा पूरे राष्ट्र को प्रेरित करता है।