विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लद्दाख में बढ़ेगी पुलिस की ताकत, 114 एसपीओ शामिल; नए जिलों में होगी तैनाती, 24 फैमिली क्वार्टर्स का भी उद्घाटन

Published: Tue, 06 Oct 2026 06:58 PM (GMT+05:30)

लद्दाख पुलिस में 114 नए विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) शामिल हुए, जिन्हें उपराज्यपाल ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत ...और पढ़ें

पासिंग आउट परेड में लद्दाख पुलिस को मिले 114 नए एसपीओ।

पासिंग आउट परेड में लद्दाख पुलिस को मिले 114 नए एसपीओ।

HighLights

  1. लद्दाख पुलिस को मिले 114 नए विशेष पुलिस अधिकारी।

  2. उपराज्यपाल ने कहा, नए एसपीओ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे।

  3. पुलिस कर्मियों के लिए 24 फैमिली क्वार्टर का उद्घाटन किया गया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लद्दाख पुलिस में 114 नए विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) शामिल हुए हैं। मंगलवार को पुलिस प्रशिक्षण स्कूल लेह में आयोजित पासिंग आउट परेड में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने परेड का निरीक्षण किया। नए पुलिस कर्मियों को बधाई देते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि उनका पुलिस बल में शामिल होना प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पुलिस में शामिल हुए नए कर्मियों की तैनाती लद्दाख के नए जिलों नुब्रा, शाम, चांगथांग, द्रास व जंस्कार में की जाएगी। उनकी तैनाती से इन दूरदराज क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती को बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

इस समय लद्दाख में गठित हुए नए जिलों में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की प्रक्रिया जोरशोर से चल रही है।

प्री-प्रमोशनल कोर्स पूरा करने पर दी बधाई

इसी बीच उपराज्यपाल ने पुलिस प्रशिक्षण स्कूल लेह में प्री-प्रमोशनल कोर्स पूरा करने वाले लद्दाख पुलिस के 99 पुलिस कर्मियों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ इन कर्मियों पर पुलिस प्रशासन में अधिक जिम्मेदारियां व नेतृत्व की भूमिका आएगी।

उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से लद्दाख में लोगों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ काम करने का आह्वान किया।

24 पुलिस फैमिली क्वार्टरों का उद्घाटन 

वहीं पुलिस कर्मियों के कल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता के तहत उपराज्यपाल ने मंगलवार को 24 पुलिस फैमिली क्वार्टरों का उद्घाटन भी किया। इन आवासीय सुविधाओं से पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध होगी। इस दौरान लद्दाख फायर एंड रेस्क्यू सर्विस से संबंधित कई महत्वपूर्ण पहलों की भी शुरुआत की गई।

उपराज्यपाल ने सेवा के प्रतीक चिह्न, ध्वज, लोगो व बैज का अनावरण भी किया। इसके साथ ही लद्दाख फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की वेबसाइट व व्यापक अग्नि सुरक्षा पुस्तिका भी लान्च की गई।

उपराज्यपाल ने कहा कि पुलिस कर्मियों के कल्याण, पुलिस व्यवस्था में पेशेवर क्षमता बढ़ाने व अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने वाली ये पहलें लद्दाख की सुरक्षा व आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को और प्रभावी बनाएंगी।

उन्होंने पुलिस एवं फायर एंड रेस्क्यू कर्मियों से बदलती सुरक्षा और आपातकालीन चुनौतियों के अनुरूप अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित करने का आह्वान किया।