प्रदेश में खराब हो रही कानून एवं व्यवस्था की स्थिति: भल्ला
राज्य ब्यूरो जम्मू प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रमण भल्ला ने कहा ह
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रमण भल्ला ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। भाजपा सरकार राष्ट्र विरोधी सांप्रदायिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में निर्दोष लोगों की हत्याएं हो रही हैं और हालात प्रतिदिन खराब हो रहे हैं। भल्ला ने कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों की आकांक्षाओं पर पूरा उतरने में नाकाम रही है। किसान, व्यापारी वर्ग, विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र के अधीन आने वाले संजय नगर डिग्याना रानी तालाब में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भल्ला ने कहा कि भाजपा के पास कोई कार्यक्रम या नीति नहीं है, जिससे लोगों का भला हो सके। कश्मीर में पिछले कुछ दिन से हालात काफी खराब हो रहे हैं। देश में महंगाई बहुत बढ़ गई है। आम लोग परेशान हैं। सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
विपक्षी पार्टियों को तोड़ने में व्यस्त है भाजपा : हर्षदेव
जम्मू : पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने जम्मू कश्मीर में बढ़ती आतंकी गतिविधियों पर चिता जताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी पार्टियों को तोड़ने में व्यस्त है। उन्होंने जम्मू में रविवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि पिछले कुछ दिनों से जम्मू कश्मीर के सुरक्षा हालात खराब हो रहे है। सैनिक शहीद हो रहे हैं। कश्मीर में निर्दोष लोगों की हत्याएं हो रही हैं। जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन के बाद आतंकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के भाजपा के दावे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि जम्मू कश्मीर के हालात साल 1990 जैसे बन रहे हैं। पाक प्रायोजित आतंकवाद को खत्म करने के बजाय प्रदेश भाजपा का ध्यान इस समय विपक्षी पार्टियों को तोड़ने में लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को दबाने में लगी हुई है। विपक्षी पार्टियों की आवाज को दबाया जा रहा है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को तंग किया जा रहा है। इस समय जम्मू कश्मीर नाजुक दौर से गुजर रहा है। भाजपा को सत्ता की भूख को दूर करके जम्मू कश्मीर के हालात सुधारने पर ध्यान देना चाहिए। जम्मू कश्मीर में शांति कायम करने के लिए कदम उठाने चाहिए।