Landslide in North Kashmir: उत्तरी कश्मीर में भूस्खलन की चपेट में आने से 6 मकान ध्वस्त
इस इलाके के पंजतारा टाड और गुंडी गुजरन इलाकों में अकसर यह खतरा रहता है। इस बारे में प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। नुकसान का आंकलन लगाया जाएगा।
श्रीनगर, जेएनएन। उत्तरी कश्मीर के पहाड़ी इलाके गुंडी गुजरन गांव में भूस्खलन की चपेट में आकर छह मकान ध्वस्त हो गए। यह गनिमत है कि इस हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। छह में से दो मकान तो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं जबकि चार अन्य को कुछ हद तक नुकसान पहुंचा है।
यह हादसा शनिवार तड़के पेश आया। दरअसल इस इलाके में बारिश व बर्फबारी पिघलने के दौरान इस तरह का खतरा रहता है। बारिश की वजह से पहाड़ी की मिट्टी नरम पड़ गई थी। नतीजतन सुबह मलवा पहाड़ से गिरा और उसने छह मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। टिटवाल ब्लाक डेवलपमेंट काउंसिल की चेयरपर्सन निशाना प्रवीण ने बताया कि इस हादसे में जानी नुकसान तो नहीं हुआ है अलबत्ता मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि इस इलाके के पंजतारा, टाड और गुंडी गुजरन इलाकों में अकसर यह खतरा रहता है। इस बारे में प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। नुकसान का आंकलन लगाया जाएगा और यह प्रयास किया जाएगा कि इन मकानों में रहने वाले लोगों को जल्द से जल्द सरकार की ओर से मुआवजा जारी हो ताकि वे अपने मकानों की मरमत करवा सकें। वहीं इस भूस्खलन के बाद गांव में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।