लद्दाख के सोध में दूर होगी पानी की किल्लत, बनेंगे दो जलाशय; खेती बचेगी और पलायन पर भी लगेगी रोक
लद्दाख के LG विनय कुमार सक्सेना ने कारगिल के सोध ब्लॉक में प्रोजेक्ट हिम सरोवर के तहत दो जलाशयों की ...और पढ़ें

लद्दाख के सोध में 70 लाख लीटर क्षमता के दो जलाशयों की रखी गई आधारशिला। (फाइल फोटो)
HighLights
उपराज्यपाल ने सोध में दो जलाशयों की आधारशिला रखी।
हिम सरोवर परियोजना जल संकट दूर कर कृषि बढ़ाएगी।
जलाशयों से पानी की कमी के कारण पलायन रुकेगा।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कारगिल जिले के सोध ब्लाक में प्रोजेक्ट हिम सरोवर के तहत दो जलाशयों की आधारशिला रखी। इन जलाशयों के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से जारी जल संकट को दूर करने, कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने और पानी की कमी के कारण गांवों से हो रहे पलायन पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
उपराज्यपाल ने कहा कि दोनों जलाशयों की कुल भंडारण क्षमता 60 से 70 लाख लीटर होगी। इनके निर्माण कार्य को नवंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना के तहत आसपास की ग्लेशियर धाराओं के पानी को नहरों और अन्य माध्यमों से गांवों तक पहुंचाने की योजना है। इससे पूरे साल पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ खेती-किसानी को सहारा मिलेगा और ग्रामीण आजीविका को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी।
पानी की कमी से पलायन को मजबूर थे ग्रामीण
सक्सेना ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा किए गए एक बयान में कहा कि सोध के निवासियों द्वारा व्यक्त किया गया आभार उन्हें गहराई से प्रभावित कर गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से पानी की कमी का सामना कर रहे थे।
उपराज्यपाल ने कहा कि 2 सितंबर 2026 को लद्दाख की सांसद हनीफा जान के साथ सोध क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने जल संकट की गंभीर स्थिति देखी थी। पानी की कमी के कारण कृषि गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं और कई ग्रामीणों को अपने घर छोड़कर दूसरे स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
उन्होंने बताया कि दौरे के बाद जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए थे कि आसपास के ग्लेशियरों और अन्य संभावित जल स्रोतों की पहचान कर उनका पानी गांवों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को नियमित जल आपूर्ति मिल सके और खेती को बचाया जा सके।
जलाशयों से दूर होगी पानी की किल्लत
प्रशासन को उम्मीद है कि इन जलाशयों के निर्माण से क्षेत्र में पानी की समस्या का दीर्घकालिक समाधान निकलेगा। इससे कृषि को मजबूती मिलने के साथ ग्रामीणों को अपने गांवों में ही आजीविका के अवसर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उपराज्यपाल ने दोहराया कि केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन लद्दाख के दूरदराज के इलाकों में लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, जल सुरक्षा सुनिश्चित करने और जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
