जम्मू वालों के लिए अच्छी खबर, दोनों तरफ खुला कुंजवानी-सतवारी फ्लाईओवर; अब 4 मिनट में तय होगा सफर
जम्मू में कुंजवानी-सतवारी फ्लाईओवर अब दोनों दिशाओं में यातायात के लिए पूरी तरह खुल गया है। इससे सतवारी चौक पर ...और पढ़ें

जम्मू में कुंजवानी-सतवारी फ्लाईओवर दोनों दिशाओं में खुला। (फाइल फोटो)
HighLights
फ्लाईओवर की दोनों दिशाएं अब यातायात के लिए पूरी तरह खुलीं।
सतवारी चौक पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हुआ।
कुंजवानी से लास्ट मोड़ तक सफर अब 4-6 मिनट में।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मूवासियों को लंबे इंतजार के बाद कुंजवानी-सतवारी फ्लाईओवर की दोनों दिशाओं में आवाजाही की सुविधा मिल गई है। सोमवार दोपहर लास्ट मोड़ से कुंजवानी की ओर भी वाहनों को रवाना कर दिया गया। इससे अब कुंजवानी से सतवारी और सतवारी से कुंजवानी की ओर यातायात एलिवेटेड मार्ग से संचालित हो सकेगा।
फ्लाईओवर के पूरी तरह खुलने का सबसे तत्काल असर सतवारी चौक पर दिखाई दिया, जहां वाहनों का दबाव पहले की तुलना में कम नजर आया।
यह फ्लाईओवर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की देखरेख में दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत तैयार किया गया है। करीब 4.5 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड मार्ग जम्मू के सबसे व्यस्त कुंजवानी-सतवारी कॉरिडोर के लिए महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
आधे घंटे का सफर अब 4-5 मिनट में
कुंजवानी और लास्ट मोड़ के बीच सामान्य दिनों में जाम के कारण वाहन चालकों को 25 से 35 मिनट तक लग जाते थे। अब एलिवेटेड मार्ग से यही दूरी करीब 4 से 6 मिनट में तय होने की उम्मीद है। यानी व्यस्त समय में वाहन चालकों को करीब आधे घंटे तक सड़क पर फंसने से राहत मिल सकती है।
इस मार्ग के दोनों तरफ खुल जाने से सतवारी चौक, कुंजवानी और आसपास के संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की संभावना है। विशेषकर सुबह और शाम के पीक आवर में इसका सीधा फायदा स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को मिलेगा।
30 सितंबर को हुआ था ट्रायल
फ्लाईओवर के एक हिस्से को 30 सितंबर को कुंजवानी से लास्ट मोड़ की दिशा में ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोला गया था। इसके बाद सोमवार को दूसरी दिशा भी खोल दी गई। इसके साथ ही लंबे समय से निर्माणाधीन इस एलिवेटेड कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा अब दोनों तरफ से यातायात के लिए उपलब्ध हो गया है।
करीब 1400 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2022 में शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य जम्मू शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करना और मुख्य यातायात को शहर के व्यस्त चौराहों से ऊपर से निकालना है।
नीचे के चौराहों को भी मिलेगी राहत
फ्लाईओवर के संचालन से यातायात का बड़ा हिस्सा ऊपर से गुजरने के कारण नीचे के मार्गों पर वाहनों की संख्या घटने की उम्मीद है। इससे सतवारी चौक समेत आसपास के चौराहों पर रुकने वाले वाहनों की कतार कम हो सकती है। सिग्नल पर प्रतीक्षा समय घटने से ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि कुंजवानी-सतवारी मार्ग पर रोजाना जाम में फंसने वाला समय अब सफर में नहीं, बल्कि मंजिल तक पहुंचने में खर्च होगा।
