जम्मू वालों के लिए राहत, कुंजवानी-नई बस्ती एलिवेटेड फ्लाईओवर खुला; एक लेन पर ट्रायल शुरू, 35 मिनट का सफर 6 मिनट में
जम्मू में कुंजवानी से नई बस्ती तक बने बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड फ्लाईओवर की एक लेन को ट्रायल के लिए खोल दिया ...और पढ़ें

कुंजवानी-नई बस्ती एलिवेटेड फ्लाईओवर की एक लेन शुरू।
HighLights
कुंजवानी-नई बस्ती एलिवेटेड फ्लाईओवर की एक लेन ट्रायल के लिए खुली।
वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी, समय बचेगा।
25-35 मिनट का सफर अब मात्र 4-6 मिनट में तय होगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर में वर्षों से ट्रैफिक जाम की समस्या झेल रहे वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे और शहर की रिंग कनेक्टिविटी परियोजना के तहत कुंजवानी से नई बस्ती के बीच बने बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड फ्लाईओवर की एक लेन को ट्रायल रन के तौर पर वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।
फिलहाल लास्ट मोड के नजदीक नई बस्ती से एक लेन में जाते हुए वाहन चालक एलिवेटेड फ्लाईओवर पर चलना शुरू करेंगे। गंग्याल के नजदीक काम के चलते एक जगह लेन बदलनी भी पड़ेगी। हालांकि मरम्मत कार्य जारी हैं जिन्हें पूरा किया जा रहा है।
करीब 70 प्रतिशत वाहन इसका उपयोग करना शुरू कर देंगे। बुधवार को भी कुंजवानी चौक के नजदीक और लास्ट मोड के नजदीक ट्रैफिक कर्मी वाहन चालकों को फ्लाईओवर पर जाने के लिए प्रेरित करते रहे।
जल्द आम लोगों के लिए शुरू होगी आवाजाही
फ्लाईओवर पर सिग्नल बोर्ड लगाने के साथ अन्य संबंधित कार्य लगभग पूरे किए जा चुके हैं। रात को लाइटों के लिए खम्भे लग चुके हैं। जल्द ही लाइटें भी जला दी जाएंगी। अभी बहुत कम वाहन ही इस पर दौड़ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि कल से लोग इसका इस्तेमाल शुरू कर देंगे।
समय की बड़ी बचत
नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया की देखरेख में लगभग 1400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2022 में शुरू किया गया था। इस लगभग 4.5 किलोमीटर लंबे कारिडोर के एक हिस्से पर ट्रायल शुरू होने से पीक आवर्स के दौरान कुंजवानी से सतवारी और विक्रम चौक की ओर जाने वाले यात्रियों को घंटों लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
जिस सफर को तय करने में पहले 25 से 35 मिनट लग जाते थे, वह दूरी अब एलिवेटेड मार्ग से घटकर मात्र 4 से 6 मिनट में पूरी हो जाएगी।
केवल सीधी यात्रा करने वाले चालक ही करें उपयोग
ट्रैफिक पुलिस और निर्माण एजेंसी ने वाहन चालकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यह लेन केवल नान-स्टाप आगे जाने वालों के लिए ही फायदेमंद है। कुंजवानी से सीधे नई बस्ती, बिक्रम चौक या शहर के आंतरिक हिस्सों में जाने वाले चालक ही इस एलिवेटेड लेन का उपयोग करें।
सतवारी चौक, एयरपोर्ट या रास्ते के स्थानीय बाजारों में जाने वाले वाहनों को इस फ्लाईओवर पर चढ़ने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बीच में नीचे उतरने का कोई एग्जिट रैंप नहीं है। ऐसे यात्रियों को नीचे की मौजूदा सर्विस लेन से ही जाना होगा।
जांच के बाद पूरी तरह चालू होगा कारिडोर
अधिकारियों के अनुसार इस ट्रायल रन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा मानकों, ट्रैफिक फ्लो और स्पीड लिमिट की निगरानी करना है। तकनीकी जांच पूरी होने और दूसरी लेन पर फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में पहुंचते ही इस पूरे एलिवेटेड कारिडोर को औपचारिक रूप से दोनों दिशाओं के यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
