जम्मू में पहली बार 'जापानी तकनीक', मीरा साहिब के किसान ने मंगाई ₹35 लाख की मशीन; लेटी फसल भी काटेगी फटाफट
मीरा साहिब के किसान गुरमीत सिंह ने 35 लाख रुपये में जापानी कुबोटा हार्वेस्टिंग मशीन खरीदी है, जिससे धान की ...और पढ़ें

मीरा साहब के गांव खोड में धान की फसल कटाई में जुटी जापानी मशीन।
HighLights
जापानी कुबोटा हार्वेस्टर मशीन जम्मू में पहुंची।
लेटी धान की फसल भी आसानी से काटती है।
मजदूरों की कमी दूर, किसानों को मिलेगी मदद।
जागरण संवाददाता, मीरा साहिब। क्षेत्र के किसानों को अपनी धान की फसल कटाई के लिए अब ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि क्षेत्र मे फसल कटाई के लिए जापानी तकनीक पर आधारित कुबोटा हार्वेस्टिंग हाफ कट मशीन पहुंच चुकी है और इसको जापान से मंगवाया है। क्षेत्र के गांव खोड़ के उन्नत किसान गुरमीत सिंह ने 35 लख रुपए की लागत से इस मशीन को फसल कटाई के लिए हासिल किया है।
गुरमीत सिंह ने बताया कि मशीन की खासियत यह भी है कि जमीन पर लेटी हुई धान की फसल को भी आसानी से काट सकती है और धान का दाना भी नहीं टूटता और इसके अलावा गेहूं की कटाई को भी आसानी से कर सकती है।
उन्होंने बताया कि जम्मू में अपनी तरह की यह पहली मशीन आई है। अपनी फसल की कटाई पूरी करने के बाद वह अन्य किसानों की फसल काटने के लिए भी मशीन उपलब्ध करवाएंगे। इसके लिए किसानों से उचित शुल्क लिया जाएगा और कोई भी किसान अपनी फसल की कटाई के लिए इस मशीन का इस्तेमाल कर सकता है।
मशीन से कटाई में धान का एक भी दाना बर्बाद नहीं
अन्य किसानों का कहना है कि उन्होंने इस मशीन को फसल काटते हुए देखा है। इससे फसल की कटाई बेहद सफाई से होती है और धान का एक भी दाना नीचे नहीं गिरता।
ऐसे में किसानों ने कृषि विभाग से भी मांग की है कि इस तरह की मशीनें मंगवाई जाएं और किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसान इन्हें खरीद सकें और अपनी फसल की कटाई आसानी से करवा सकें।
धान की कटाई के सीजन में मजदूरों का संकट
मशीन से फसल की कटाई करवा रहे किसान रमेश लाल, गुलशन कुमार, साईं दास, तरसेम लाल, राकेश कुमार और सतपाल भगत आदि का कहना है कि इस समय धान की कटाई का सीजन चल रहा है, लेकिन बाहरी राज्यों से मजदूरों के नहीं पहुंचने के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में जम्मू-कश्मीर में इस तरह की मशीनें अधिक संख्या में उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि किसानों को इनका लाभ मिल सके।
ऐसे में इस आधुनिक मशीन के आने से किसानों को कम समय में फसल की कटाई करने में मदद मिल सकती है और मजदूरों पर उनकी निर्भरता भी कम हो सकती है। फोटो कैप्शन मीरा साहब के गांव खोड में धान की फसल कटाई में जुटी जापानी मशीन और मशीन के बारे में जानकारी देते हैं उन्नत किसान गुरमीत सिंह
