विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बर्थडे पार्टी में खुखरी लेकर क्यों पहुंचा था नीरज, हत्या के बाद किसने भागने में की मदद? J&K पुलिस खंगाल रही कड़ियां

Published: Fri, 18 Sep 2026 03:48 PM (IST)

जम्मू के लोअर रूप नगर में जन्मदिन समारोह के दौरान खुखरी से हमला कर पवन नायर उर्फ समीर की हत्या ...और पढ़ें

जम्मू में केक लगाने पर विवाद, खुखरी से युवक की हत्या।

जम्मू में केक लगाने पर विवाद, खुखरी से युवक की हत्या

HighLights

  1. जन्मदिन समारोह में खुखरी से हमला कर पवन नायर की हत्या।

  2. पुलिस खुखरी बरामद करने और फरार आरोपियों के मददगारों की तलाश में।

  3. हत्या के पीछे किसी साजिश की आशंका पर भी जांच जारी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। लोअर रूप नगर में जन्मदिन समारोह के दौरान खुखरी से हमला कर पवन नायर उर्फ समीर की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास भी कर रही है कि हत्यारोपित नीरज अपने जन्म दिन की पार्टी में आखिर खुखरी क्यों लेकर आया था। उधर, शुक्रवार को जीएमसी जम्मू के शवगृह में कड़ी सुरक्षा के बीच समीर का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव उसके परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।

क्या है मामला

17 सितंबर की रात लोअर रूप नगर में नीरज उर्फ अंशु अपना जन्मदिन मना रहा था। इस दौरान उसके दोस्त जान सोत्रा, गौरव सिंह, सुगंध भट्टी और पवन नायर उर्फ समीर भी मौजूद थे। नीरज का भाई रिशु भी उसके साथ था। केक काटने के दौरान पवन ने नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नीरज ने अपने पास रखी खुखरी निकालकर पवन की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पवन को उसके दोस्तों ने जीएमसी जम्मू पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद थाना जानीपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नीरज उर्फ अंशु और उसके भाई रिशु को हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मुख्य फोकस वारदात में इस्तेमाल खुखरी की बरामदगी पर भी है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपित ने खुखरी कहीं छिपा दी थी। पूछताछ के आधार पर पुलिस हथियार की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

दो युवकों की भूमिका भी जांच के घेरे में

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि समीर के घायल होने के तुरंत बाद जन्मदिन समारोह में मौजूद दो युवक आरोपित नीरज और उसके भाई रिशु को अपने साथ लेकर वहां से चले गए थे। अब पुलिस इन दोनों युवकों की तलाश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक आरोपितों को कहां लेकर गए और उन्होंने उन्हें मौके से निकलने में किस तरह मदद की।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के बाद आरोपितों को भागने में मदद करने वाले दोनों युवकों को घटना की पूरी जानकारी थी या नहीं। उनकी भूमिका स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

साजिश के आरोप की भी होगी जांच

मृतक समीर के परिजनों का कहना है कि उसका नीरज के साथ पहले से कोई विवाद नहीं था। वह खुशी-खुशी जन्मदिन समारोह में शामिल हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि नीरज के पास पहले से खुखरी थी तो इसकी भी जांच होनी चाहिए कि वह हथियार लेकर जन्मदिन समारोह में क्यों आया था।

परिजनों ने आशंका जताई कि हत्या के पीछे पहले से कोई साजिश हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस पहलू समेत सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा।

जीएमसी जम्मू में पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। पुलिस ने अस्पताल परिसर में भी निगरानी बढ़ा दी थी। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज है और आगे की जांच जारी है।