संवाद सहयोगी, कटड़ा: देशभर से मां वैष्णो देवी के दर्शन करने आधार शिविर कटड़ा पहुंचे श्रद्धालु वीरवार को बर्फीली हवा के बीच मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना होते रहे। दो दिन तक मौसम शुष्क रहने के बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिला।

सुबह से आसमान पर बादलों का जमघट लगा रहा और बर्फीली हवा चल रही थी, जिससे श्रद्धालुओं को ठंड झेलनी पड़ी। बदले मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं को हेलीकाप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा और रोपवे सेवा उपलब्ध होती रही।

मां वैष्णो से की सुख शांति की कामना

श्रद्धालु मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा से होकर अलौकिक दर्शन कर परिवार की सुख शांति की कामना कर रहे हैं। वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा में कमी के चलते मां वैष्णो देवी भवन के साथ ही आधार शिविर कटड़ा सुना सुना नजर आ रहा है।

वीरवार को बाद दोपहर बाद तीन तक करीब 10,000 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी था।

यात्रा में बढ़ोतरी के लिए खोली जा रही प्राचीन गुफा

बता दें कि श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से मां वैष्णो देवी की यात्रा में बढ़ोतरी के लिए श्रद्धालुओं के लिए मां की प्राचीन गुफा खोली जा रही है। श्राइन बोर्ड के अनुसार, श्रद्धालुओं की संख्या 10,0000 से कम होने पर मां वैष्णो देवी के प्राचीन गुफा श्रद्धालुओं के लिए खोल दी जाती है, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ते ही प्राचीन गुफा बंद कर दी जाती है। उसके बाद श्रद्धालु कृत्रिम गुफा से मां वैष्णो देवी के दर्शन करते हैं।

Edited By: Jagran News Network