विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुशखबरी! कटड़ा-नई दिल्ली और राजधानी एक्सप्रेस में बढ़े AC कोच, विस्टा डोम ट्रेन अब 2 नवंबर तक कराएगी कश्मीर की सैर

By Dinesh Mahajan Edited By: Rahul Sharma
Published: Fri, 03 Jul 2026 02:43 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 04 Jul 2026 09:54 AM (GMT+05:30)

उत्तर रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए कटड़ा-नई दिल्ली एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से अतिरिक्त एसी कोच लगाने का फैसला किया है।

उत्तर रेलवे का बड़ा फैसला, दो प्रमुख ट्रेनों में एक्स्ट्रा थर्ड AC कोच।

उत्तर रेलवे का बड़ा फैसला, दो प्रमुख ट्रेनों में एक्स्ट्रा थर्ड AC कोच।

HighLights

  1. कटड़ा-नई दिल्ली एक्सप्रेस में अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाए गए।

  2. राजधानी एक्सप्रेस में भी अतिरिक्त थर्ड एसी कोच की सुविधा।

  3. विस्टा डोम ट्रेन सेवा 2 नवंबर तक बढ़ाई गई।

जागरण संवाददाता, जम्मू। यात्रियों की बढ़ती संख्या और आगामी दिनों में बढ़ने वाली यात्रा मांग को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने दो प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त वातानुकूलित कोच लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बडगाम-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-बडगाम विस्टा डोम स्पेशल ट्रेन की सेवा अवधि भी दो नवंबर तक बढ़ा दी गई है।

रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली एक्सप्रेस में 14 जुलाई से 16 जुलाई तक एक अतिरिक्त तृतीय वातानुकूलित (थर्ड एसी) कोच लगाया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कन्फर्म सीट मिलने में सुविधा होगी।

आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का लाभ

इसी तरह, गाड़ी संख्या 12426 नई दिल्ली-जम्मू तवी राजधानी एक्सप्रेस में भी 11 जुलाई से 13 जुलाई तथा 16 जुलाई को एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा। राजधानी एक्सप्रेस में लगातार बढ़ रही प्रतीक्षा सूची को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके।

वहीं, कश्मीर घाटी में पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बडगाम-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-बडगाम के बीच चलने वाली विस्टा डोम स्पेशल ट्रेन संख्या 04687/04688 की सेवा अवधि दो नवंबर तक बढ़ा दी गई है।

यह ट्रेन 31 अगस्त तक बनिहाल तक संचालित होगी। इसके बाद एक सितंबर से दो नवंबर 2026 तक इसका संचालन श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक किया जाएगा।