विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में डबल एक्शन! कश्मीरी विस्थापित परिवारों के राशन की समीक्षा, 'वन ग्राम गोल्ड' के भ्रामक विज्ञापनों पर सख्ती

Published: Tue, 01 Sep 2026 02:05 PM (GMT+05:30)

जम्मू प्रशासन ने कश्मीरी विस्थापित परिवारों को राशन वितरण की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही, 'वन ग्राम गोल्ड' के ...और पढ़ें

जम्मू में कश्मीरी विस्थापितों के राशन वितरण की समीक्षा। (फाइल फोटो)

जम्मू में कश्मीरी विस्थापितों के राशन वितरण की समीक्षा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कश्मीरी विस्थापितों को राशन वितरण की स्थिति की समीक्षा।

  2. ई-केवाईसी और तीन माह के अग्रिम राशन पर चर्चा।

  3. इमिटेशन ज्वेलरी के भ्रामक विज्ञापनों पर रोक के निर्देश।

जागरण संवाददाता, जम्मू। कश्मीरी विस्थापित परिवारों को राशन मिलने में किसी तरह की दिक्कत न हो इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक राजेश कुमार शवन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर राशन वितरण की स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में राहत एवं पुनर्वास आयुक्त (जम्मू-कश्मीर डा. अरविंद करवानि तथा संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में विस्थापित परिवारों की ई-केवाईसी, राशन वितरण, तीन माह के अग्रिम राशन वितरण, खाद्यान्न के उठान एवं उपलब्धता समेत राशन की समय पर और सुचारू आपूर्ति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को उनके निर्धारित हक के अनुसार समय पर और बिना किसी परेशानी के राशन उपलब्ध कराया जाए।

ज्वेलरी कारोबारियों को दिए निर्देश

वहीं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले (एफसीएसएंडसीए) विभाग के निदेशक राजेश कुमार शवन ने एक ग्राम गोल्ड के नाम से बेची जा रही इमिटेशन ज्वेलरी के प्रचार और बिक्री को लेकर गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने एक ग्राम ज्वेलरी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान ऐसे विज्ञापनों और प्रचार सामग्री पर गंभीर चिंता जताई गई, जिनसे उपभोक्ताओं को उत्पाद की वास्तविक प्रकृति को लेकर भ्रमित किया जा सकता है। निदेशक ने कारोबारियों को 48 घंटे के भीतर एक ग्राम गोल्ड से संबंधित सभी भ्रामक बैनर, विज्ञापन और प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि असली सोने के आभूषण और इमिटेशन ज्वेलरी को एक ही परिसर में इस तरह प्रदर्शित या बेचा नहीं जाना चाहिए, जिससे ग्राहक भ्रमित हों। इमिटेशन ज्वेलरी की बिक्री के लिए अलग दुकान या परिसर रखने के निर्देश दिए गए ताकि उपभोक्ता असली सोने और नकली/इमिटेशन आभूषण के बीच स्पष्ट अंतर कर सकें।