कश्मीर में ट्रेन से सफर करने वाले ध्यान दें, 15 दिन तक नहीं चलेंगी ये दो ट्रेनें; 17 से 31 अक्टूबर तक सेवाएं रद
कश्मीर घाटी में सर्दियों के सुरक्षित रेल परिचालन के लिए रेलवे ने 17 से 31 अक्टूबर तक बनिहाल-बारामूला मार्ग पर ...और पढ़ें

कश्मीर घाटी में 15 दिन तक नहीं चलेंगी बनिहाल-बारामूला ट्रेन। (फाइल फोटो)
HighLights
कश्मीर घाटी में दो ट्रेनें 15 दिन के लिए रद्द।
बानिहाल-बारामूला मार्ग पर 17 से 31 अक्टूबर तक सेवा बंद।
सर्दियों के लिए सुरक्षित रेल परिचालन हेतु प्री-विंटर कार्य।
जागरण संवाददाता, जम्मू। कश्मीर घाटी में सर्दियों के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने प्री-विंटर डिस्ट्रेसिंग कार्य करवाने का निर्णय लिया है। इस कार्य के चलते बनिहाल और बारामूला के बीच चलने वाली दो रेलगाड़ियों को 15 दिनों के लिए निरस्त कर दिया गया है। रेलवे के इस फैसले से 17 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक यात्रियों को इन रेलगाड़ियों की सुविधा नहीं मिल पाएगी।
रेलवे के अनुसार, सर्दियों के मौसम में रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए पहले से जरूरी तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में कश्मीर घाटी में प्री-विंटर डिस्ट्रेसिंग कार्य किया जाएगा। इस दौरान रेल सेवाओं के संचालन पर असर पड़ेगा।
17 से 31 अक्टूबर तक निरस्त
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 74615 बानिहाल-बारामूला और ट्रेन संख्या 74620 बारामूला-बानिहाल को 17 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक निरस्त रखने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे प्रशासन की यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी रेलगाड़ी की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें स्टेशन पहुंचने के बाद किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यात्री रेलगाड़ियों की स्थिति जानने के लिए रेलवे के पूछताछ नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय रेल पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी रेलगाड़ियों के परिचालन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
