J&K Weather: कश्मीर का फिर कटा सड़क संपर्क, मौसम विभाग ने जारी की हिमस्खलन की चेतावनी
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर रामबन में कई जगह मलबा गिरा। जवाहर सुरंग के दोनों ओर एक फीट बर्फ जम गई है। - श्रीनगर हवाई अड्डे पर दोपहर तक कोई उड़ान नहीं हुई कश्मीर के नौ जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी कर दी गई है।
श्रीनगर, जागरण संवादाता। वर्षा और हिमपात के चलते कश्मीर का शेष दुनिया से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के पंतिहाल सहित कई जगहों पर मलबा व पत्थर गिरे हैं। इससे राजमार्ग बंद हो गया है। वीरवार को मौसम की स्थिति देखते हुए मलबा हटाकर राजमार्ग को खोलने का निर्णय लिया जाएगा। बुधवार दोपहर तक कश्मीर का शेष दुनिया से हवाई संपर्क भी कटा रहा। दृश्यता अनुकूल नहीं होने से न कोई विमान उड़ा और न ही उतर सका। श्रीनगर, पटनीटाप, नत्थाटाप समेत प्रदेश के सभी पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात हुआ है।
यह भी पढ़ें: J&K News: भारत जोड़ो यात्रा के लिए श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम- सीआरपीएफ
मौसम विभाग ने जारी की हिस्खलन की चेतावनी
प्रशासन ने बांडीपोरा, कुपवाड़ा, बारामुला, गांदरबल, कुलगाम, अनंतनाग, शोपियां, पुलवामा तथा बड़गाम के उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। जम्मू समेत प्रदेश के सभी हिस्सों में रुक-रुककर वर्षा जारी है। वर्षा और बादल छाए रहने से माता वैष्णो देवी की हेलीकाप्टर सेवा अधिकांश समय प्रभावित रही। मौसम विभाग ने 29 जनवरी तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बने रहने की संभावना जताई है।
इन जगह पर हुई बर्फबारी
जम्मू कश्मीर में मंगलवार शाम से ही वर्षा का सिलसिला तेज हो गया था। बुधवार तड़के हिमपात भी शुरू हो गया। गुलमर्ग में शाम तक 10 इंच, सोनमर्ग में एक फीट, पहलगाम में 8 इंच, यूसमर्ग में एक फीट, साधना टाप पर डेढ़ फीट, श्रीनगर में पांच सेंटीमीटर बर्फ गिर चुकी थी। कठुआ के पर्यटन स्थल सरथल डंडीगुटो, डग्गर, कोटी, जोडि़यां माता धोले माता आदि स्थानों पर दो से तीन फीट बर्फ गिरी है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जवाहर सुरंग के दो सिरों पर एक फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। बर्फबारी के चलते बांडीपोरा-गुरेज व कुपवाड़ा-करनाह रोड भी बंद है।
यह भी पढ़ें: Republic Day: बारामूला में निकाली गई तिरंगा रैली, हाथों में झंडा लिए लोगों ने लगाए 'भारत माता की जय' के नारे
उड़ानों की ऐसी रही स्थिति
श्रीनगर हवाई अड्डे के निदेशक कुलदीप ने कहा कि बर्फबारी व कम दृश्यता के चलते दोपहर तक उड़ानें नहीं हुईं। दोपहर बाद ही उड़ानें बहाल हुईं। उन्होंने बताया कि 32 उड़ानों को फिर से शेड्यूल कर लाया गया। इधर, जम्मू से श्रीनगर की तीन और लेह के लिए एक उड़ानें रद रही। दोपहर एक बजे के बाद जम्मू से श्रीनगर के लिए हवाई यातायात बहाल हो पाया। जम्मू से श्रीनगर के बीच चलने वाली स्पाइज जेट, विस्तारा और इंडिगो एयर की उड़ान रद्द रही।